बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि की मार, सरकारी गेहूं खरीद में 69% की भारी गिरावट
नई दिल्ली। देश के प्रमुख गेहूं उत्पादक राज्यों में हाल की बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने फसलों को काफी नुकसान पहुँचाया है। इससे गेहूं की फसल की कटाई पर बुरा असर पड़ा है। गेहूं की सरकारी खरीद के आंकड़ों से इस बात का खुलासा हुआ है। एक अनुमान के अनुसार अनिश्चित मौसम के कारण, सरकारी एजेंसियों द्वारा की जाने वाली गेहूं की खरीद में पिछले वर्ष की तुलना में 69% से अधिक की गिरावट देखी गई है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में कटाई प्रभावित हुई है। सरकार ने इस स्थिति को देखते हुए फसलों के नुकसान का आकलन करने के लिए टीमें भेजी हैं और खरीद मानकों में ढील देने पर विचार किया जा रहा है।
2026-27 रबी सत्र में सरकारी गेहूं खरीद में बड़ी गिरावट
चालू 2026-27 रबी बाजार सत्र की शुरुआत में ही सरकारी गेहूं खरीद में भारी गिरावट देखने को मिली है। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के नए आंकड़ों के मुताबिक, अब तक कुल 15.30 लाख टन गेहूं की खरीद हुई है। ये पिछले साल की समान अवधि की तुलना में करीब 69 फीसदी कम है। नमी और चमक में कमी के कारण मंडियों में सरकारी एजेंसियों द्वारा खरीद धीमी हो गई है। इससे किसानों के लिए अनाज बेचना मुश्किल हो रहा है। कई जगहों पर बारदाना (बोरी) की कमी और नियमों के कारण किसान MSP से कम दाम पर भी अनाज बेचने को मजबूर हो रहे हैं।
फसल की आवक में कमी और खरीद प्रक्रिया पर असर
सूत्रों का कहना है कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने फसल की आवक और खरीद प्रक्रिया दोनों को प्रभावित किया है। गेहूं की सरकारी खरीद आमतौर पर अप्रैल से शुरू होकर मार्च तक चलती है। इसका अधिकांश हिस्सा शुरुआती महीनों में ही खरीदा जाता है। एक अप्रैल से शुरू हुई खरीद अभियान के बाद अब तक मंडियों में 34.74 लाख टन गेहूं की आवक दर्ज की गई है। पिछले साल इसी अवधि में 92.72 लाख टन की आवक हुई थी और 50.08 लाख टन की खरीद की गई थी। पंजाब, मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में खरीद अप्रैल से शुरू हुई, जबकि राजस्थान में यह 10 मार्च से ही शुरू कर दी गई थी।
सरकार 2,585 रुपये प्रति क्विंटल पर कर रही है गेहूं की खरीद
राज्यवार आंकड़ों पर नजर डालें तो 13 अप्रैल तक हरियाणा में सबसे अधिक 11.23 लाख टन गेहूं की खरीद हुई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश में 1.02 लाख टन, उत्तराखंड में 1.66 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 96,670 टन, पंजाब में 29,925 टन और राजस्थान में 8,957 टन की खरीद दर्ज की गई है। सरकार किसानों से 2,585 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद रही है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/iran-imposes-full-ban-on-petrochemical-exports-after-israeli-attacks/174902