Eye Care Tips: इन आसान आदतों से लंबे समय तक सुरक्षित रखें आंखों की रोशनी
नई दिल्ली,(भारत)। आज की डिजिटल जीवनशैली में लंबे समय तक मोबाइल, लैपटॉप और टीवी स्क्रीन देखने से आंखों पर लगातार दबाव पड़ता है। ऐसे में विशेषज्ञों का कहना है, कि यदि रोजमर्रा की कुछ अच्छी आदतों को अपनाया जाए तो आंखों की सेहत लंबे समय तक बेहतर रखी जा सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों और CDC के अनुसार संतुलित आहार, नियमित आंखों की जांच और स्क्रीन से समय-समय पर ब्रेक लेना आंखों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां करें शामिल
आंखों को स्वस्थ रखने के लिए भोजन में पालक, केल जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां शामिल करें। इसके अलावा गाजर, आंवला और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर मछली का सेवन आंखों के लिए लाभकारी माना जाता है। शरीर में पानी की कमी न होने दें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, जिससे आंखों में सूखापन कम होता है।
अपनाएं 20-20-20 नियम
यदि आप लंबे समय तक कंप्यूटर या मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं तो 20-20-20 नियम अपनाएं। यानी हर 20 मिनट बाद 20 सेकंड के लिए लगभग 20 फीट दूर किसी वस्तु को देखें। इससे आंखों की मांसपेशियों को आराम मिलता है और डिजिटल आई स्ट्रेन का खतरा कम होता है। साथ ही स्क्रीन देखते समय बार-बार पलकें झपकाना भी जरूरी है, क्योंकि इससे आंखों में नमी बनी रहती है। गंदे हाथों से आंखों को रगड़ने से बचें, क्योंकि इससे संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
रोजाना लें 6 से 8 घंटे की नींद
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि धूप में बाहर निकलते समय हमेशा यूवी किरणों से बचाने वाला सनग्लास पहनें। इसके अलावा रोजाना 6 से 8 घंटे की पर्याप्त नींद लें, ताकि आंखों को पूरा आराम मिल सके। आंखों की किसी भी समस्या का समय रहते पता लगाने के लिए साल में कम से कम एक बार नेत्र विशेषज्ञ से जांच जरूर करवानी चाहिए। नियमित देखभाल और सही जीवनशैली अपनाकर आंखों की रोशनी को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
अपनाएं ये टिप्स
पोषण के लिए रोजाना गाजर और आंवला खाएं। पालक, चौलाई और मेथी जैसे हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करें। मछली, सूखे मेवे इत्यादि को अपने डाइट में शामिल करें। 20-20-20 नियम को प्रतिदिन अपनाएं। यूवी किरणों से बचाने के लिए धूप का चश्मा पहनें। आंखों को पूरा आराम दें। रोजाना 6 से 8 घंटे की पर्याप्त नींद लें। समय-समय पर डॉक्टर की सलाह लें।
यह भी पढ़ें: इटावा में दो वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार, पुलिस का अभियान जारी