ताजमहल की यात्रा को यादगार बनाने के लिए सही समय, ऑ

ताजमहल घूमने का बना रहे हैं प्लान? यात्रा से पहले जान लें ये जरूरी बातें

Planning a Trip to the Taj Mahal? Here's What You Need to Know

आगरा,(उत्तर प्रदेश)। स्थित ताजमहल हर साल लाखों देशी-विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। अगर आप भी दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल देखने की योजना बना रहे हैं, तो थोड़ी-सी तैयारी आपकी यात्रा को यादगार और आरामदायक बना सकती है। यात्रा से पहले कुछ जरूरी जानकारियां जान लेना बेहद आवश्यक है।

सूर्योदय के समय होती है कम भीड़

ताजमहल घूमने का सबसे अच्छा समय सुबह का माना जाता है। सूर्योदय के समय यहां भीड़ कम होती है और संगमरमर पर पड़ती सुनहरी किरणें ताजमहल की खूबसूरती को और बढ़ा देती हैं। ताजमहल शुक्रवार को आम पर्यटकों के लिए बंद रहता है, इसलिए यात्रा की योजना बनाते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें।

मुख्य मकबरे में प्रवेश के लिए अतिरिक्त शुल्क

यात्रा के दौरान आरामदायक कपड़े और जूते पहनें। गर्मियों में टोपी, धूप का चश्मा, पानी की बोतल और सनस्क्रीन साथ रखें। ऑनलाइन टिकट पहले से बुक कर लेने पर समय की बचत होती है और प्रवेश प्रक्रिया भी आसान हो जाती है। भारतीय पर्यटकों के लिए सामान्य प्रवेश शुल्क निर्धारित है, जबकि मुख्य मकबरे में प्रवेश के लिए अतिरिक्त शुल्क देना होता है। 

सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी

सुरक्षा नियमों का पालन करना भी जरूरी है। ताजमहल परिसर में ड्रोन, ट्राइपॉड, बड़े बैग और खाने-पीने की कई वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होती। प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर पहुंचना बेहतर रहता है। यदि समय हो तो ताजमहल के साथ आगरा किला, मेहताब बाग, एतमाद-उद-दौला का मकबरा और स्थानीय बाजार भी घूम सकते हैं। आगरा का प्रसिद्ध पेठा और दालमोठ चखना भी पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है।

प्रमुख शहरों से आगरा पहुंचना आसान

दिल्ली, लखनऊ और अन्य प्रमुख शहरों से आगरा तक सड़क, रेल और हवाई मार्ग से आसानी से पहुंचा जा सकता है। दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए कार से लगभग 3 से 4 घंटे में आगरा पहुंचा जा सकता है, जबकि वंदे भारत और गतिमान जैसी ट्रेनों से भी सफर सुविधाजनक रहता है।

यात्रा के लिए जरूरी टिप्स:

शुक्रवार को ताजमहल आम पर्यटकों के लिए बंद रहता है। सुबह जल्दी पहुंचने की कोशिश करें। ऑनलाइन टिकट पहले से बुक करें। हल्का सामान और वैध पहचान पत्र साथ रखें। गर्मियों में पानी, टोपी और सनस्क्रीन जरूर रखें। अधिकृत गाइड या सरकारी सेवाओं का ही उपयोग करें।

सही योजना और थोड़ी-सी तैयारी के साथ ताजमहल की यात्रा न केवल आसान बल्कि जीवनभर याद रहने वाला अनुभव बन सकती है। अतः यात्रा के समय सभी आवश्यक डॉक्यूमेंट और सरकारी गाइडलाईन अवश्य पढ़ लें।

यह भी पढ़ेंः आषाढ़ गुप्त नवरात्रि का छठा दिन, षष्ठी तिथि पर विशेष संयोग