त्रिकूट पर्वत पर स्थित मां शारदा के दरबार में शारद

मैहर में शारदीय नवरात्रि मेले का भक्तिमय आरंभ: त्रिकूट पर्वत पर मां शैलपुत्री के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु

शारदा माँ; मैहर

मैहर। त्रिकूट पर्वत पर विराजमान जगत जननी मां शारदा देवी के दरबार में रविवार को शारदीय नवरात्रि मेले का भक्तिमय आरंभ हुआ। नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। अलसुबह 3 बजे मंदिर के पट खुलते ही दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के मैहर पहुंचने के कारण मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर चहल-पहल बढ़ गई। नवरात्रि के पहले दिन से ही पूरा क्षेत्र माता के जयकारों से गूंज उठा।

नवरात्रि के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा

नवरात्रि के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा की जाती है। भक्तों ने मां शारदा की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और मंगल की कामना की। रविवार को मां शारदा का लाल परिधान में विशेष श्रृंगार किया गया। माता के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।

भीड़ के बीच पहाड़ी के शॉर्टकट रास्तों पर खतरा

नवरात्रि मेले के पहले दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के साथ मुख्य सीढ़ी मार्ग पर दबाव की स्थिति बनने की चिंता सामने आई है। स्थानीय लोगों और जागरूक श्रद्धालुओं के मुताबिक, कुछ लोग भीड़ से बचने और जल्दी मंदिर पहुंचने के प्रयास में पहाड़ी के कच्चे, ढलान वाले शॉर्टकट रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन रास्तों पर पैर फिसलने और संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।

श्रद्धालुओं को जोखिम वाले मार्गों से जाने से रोकने की मांग

ऐसे में स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इन रास्तों पर निगरानी बढ़ाने, जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग करने और श्रद्धालुओं को जोखिम वाले मार्गों से जाने से रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मेले के दौरान प्रशासन और पुलिस द्वारा माइक से अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने तथा निर्धारित सीढ़ी मार्ग का उपयोग करने की अपील की जा रही l

यह भी पढ़ेंः मैहर: मां शारदा के दर्शन कर लौट रहे दंपती के साथ रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा