न्यूयॉर्क में हुई सोथबीज़ की नीलामी में डायनासोर क

न्यूयार्क की नीलामी में 4.73 करोड़ डॉलर में बिका नैनोटाइरानस का दुर्लभ कंकाल

Rare Nanotyrannus skeleton

न्यूयॉर्क (अमेरिका)। न्यूयॉर्क में सोथबीज़ (Sotheby's) की एक रोमांचक नीलामी में टी-रेक्स (T. rex) के छोटे रिश्तेदार 'नैनोटाइरानस' (Nanotyrannus) का दुर्लभ कंकाल 4.73 करोड़ डॉलर (लगभग 400 करोड़ रुपये) में बिका है। छह दावेदारों के बीच चली 12 मिनट की बोली के बाद यह सौदा तय हुआ।

डायनासोर की दुनिया का दुर्लभ खजाना

'जोडी' (Jodi) नाम का यह कंकाल विज्ञान जगत में मौजूद नैनोटाइरानस के केवल तीन काफी हद तक सुरक्षित कंकालों में से एक है। 6 से 9 मिलियन डॉलर के शुरुआती अनुमान को पीछे छोड़ते हुए इस कंकाल ने नीलामी के इतिहास में भूचाल ला दिया। हालांकि, यह जुलाई में 50.1 मिलियन डॉलर में बिकने वाले 'गस' (Gus) टी-रेक्स कंकाल के रिकॉर्ड को तोड़ने से थोड़ा चूक गया।

9.6 फीट ऊंचा और 19.6 फीट लंबा 'जोडी', 'गस' की लंबाई से आधे से थोड़ा ही ज्यादा है। जीवाश्म वैज्ञानिकों के बीच इस बात को लेकर लंबी बहस रही है कि क्या नैनोटाइरानस वाकई कोई अलग प्रजाति थी या फिर यह टी-रेक्स का बच्चा था। हालांकि, अब शोधकर्ताओं का मानना है कि यह एक स्वतंत्र प्रजाति ही थी।

मोंटाना में हुई थी इस कंकाल की खोज

सोथबीज़ के मुताबिक, यह कंकाल बेहद बेहतरीन स्थिति में सुरक्षित है। इसमें हड्डियों के 191 हिस्से और लगभग पूरी खोपड़ी शामिल है।

इस कंकाल को 2019 में मोंटाना के पशुपालक (रैंचर) जोडी पियर्सन ने खोजा था, जिनके नाम पर इसका नाम 'जोडी' रखा गया। इसकी खुदाई कमर्शियल पेलियोन्टोलॉजिस्ट क्लेटन फ़िप्स ने की थी, जिन्हें 'डायनासोर काउबॉय' कहा जाता है। यह जीवाश्म 'हेल क्रीक फॉर्मेशन' से मिला है, जो डायनासोर के जीवाश्मों के लिए दुनिया भर में मशहूर है।

नए मालिक को मिले हैं विशेष अधिकार

हड्डियों के विकास और आकार को देखते हुए 'जोडी' एक वयस्क जीव का कंकाल है। कंकाल की जो हड्डियां गायब थीं, उनकी जगह 3D प्रिंटेड और तराशे गए हिस्सों को लगाया गया है।

इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसे "पूर्ण अधिकारों" (Full Rights) के साथ बेचा गया है। इसका मतलब है कि इसके अज्ञात खरीदार को इसकी हूबहू नकल (रेप्लिका) बनाकर संग्रहालयों या कलेक्टर्स को बेचने की पूरी छूट होगी। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: सामानेरा में मिला प्राचीन इतिहास का खजाना, परमार कालीन उमा-महेश्वर की 2 प्रतिमाएं मिलीं