राशिद खान के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से अफगानिस्तान ने 2027 विश्व कप में बनाई सीधी जगह
बेलफास्ट [आयरलैंड]: स्टार स्पिनर राशिद खान के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में तीन विकेट से जीत हासिल कर 2027 वनडे क्रिकेट विश्व कप में सीधे प्रवेश कर लिया। सोमवार को मिली इस जीत के साथ अफगानिस्तान पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे है। पहला मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया था।
पिछले विश्व कप में भी शानदार रहा था प्रदर्शन
2023 में हुए पिछले वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। चार जीत और पांच हार के साथ टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर रही थी और सेमीफाइनल में पहुंचने से बाल-बाल चूक गई थी। मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड, पूर्व चैंपियन श्रीलंका और पाकिस्तान पर जीत के साथ अफगानिस्तान ने शानदार टूर्नामेंट खेला था।
आयरलैंड की पारी 206 रन पर सिमटी
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। आयरलैंड की आधी टीम 22वें ओवर में 89 रन बनाकर पवेलियन लौट चुकी थी। गैविन होए ने 67 गेंदों में दो चौकों की मदद से 36 रन बनाए, जबकि जय मूंदरा ने 33 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 31 रन की पारी खेली। दोनों ने नौवें विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की। अफगानिस्तान ने आयरलैंड को 46.3 ओवर में 206 रन पर ऑलआउट कर दिया। अफगानिस्तान की ओर से अल्लाह ग़ज़नफ़र ने 3/29 और राशिद खान ने 3/44 के आंकड़े के साथ शानदार गेंदबाजी की।
गुरबाज ने संभाला मोर्चा
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम के लिए सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने शुरुआत की। दोनों के बीच 53 रन की साझेदारी हुई। इब्राहिम जादरान 12 रन बनाकर आउट हुए। गुरबाज ने एक छोर संभाले रखा और 77 गेंदों में दो चौकों और पांच छक्कों की मदद से 71 रन बनाए। वह 149 के स्कोर पर पांचवें विकेट के रूप में आउट हुए। इसके बाद अफगानिस्तान की टीम 36वें ओवर में 176/7 के स्कोर पर मुश्किल स्थिति में पहुंच गई।
राशिद ने बल्ले से दिलाई जीत
मुश्किल परिस्थिति में राशिद खान ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 43 गेंदों में चार चौकों की मदद से नाबाद 37 रन की उपयोगी पारी खेली। राशिद ने यामीन अहमदजई के साथ मिलकर 31 रन की साझेदारी की और अफगानिस्तान को 45वें ओवर में तीन विकेट शेष रहते जीत दिला दी। गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले राशिद खान को उनके मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने न केवल आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल की, बल्कि 2027 वनडे विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई भी कर लिया।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: अबू धाबी में अल वथबा खजूर महोत्सव में उमड़ी भीड़, 25 हजार से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा