अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूटआउट में नीदरलैंड्स को हराकर जीता महिला हॉकी विश्व कप 2026 का खिताब
एम्सटेलवीन (नीदरलैंड्स): अर्जेंटीना ने शनिवार को वैगनर स्टेडियम में खेले गए एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के फाइनल में मौजूदा चैंपियन नीदरलैंड्स को पेनल्टी शूटआउट में 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
16 साल बाद अर्जेंटीना बना विश्व चैंपियन
इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने अपना तीसरा विश्व कप खिताब जीता। 2010 के बाद यह उसका पहला विश्व कप खिताब है। वहीं, घरेलू मैदान पर लगातार चौथी बार विश्व कप जीतने की नीदरलैंड्स की उम्मीदें भी टूट गईं।
शुरुआती मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर
फाइनल की शुरुआत तेज गति से हुई और दोनों टीमें शुरुआती मिनटों में ही बढ़त बनाने की कोशिश करती नजर आईं। नीदरलैंड्स ने बीच-बीच में दबाव बनाया, लेकिन अर्जेंटीना का रक्षात्मक खेल मजबूत रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ी मिडफील्ड में वर्चस्व हासिल करने के लिए लगातार संघर्ष करते रहे। शुरुआती 25 मिनट में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इसके बाद नीदरलैंड्स की यिब्बी जानसेन ने 30वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी।
मारिया ग्रैनाटो ने दिलाई अर्जेंटीना को बराबरी
जब ऐसा लग रहा था कि नीदरलैंड्स मुकाबला अपने नाम कर लेगी, तभी अर्जेंटीना की मारिया ग्रैनाटो ने बराबरी का गोल दाग दिया। इसके बाद निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं और मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से होना तय हुआ। पेनल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना ने अहम मौकों पर शानदार संयम दिखाया। टीम ने तीन गोल किए, जबकि नीदरलैंड्स की टीम सिर्फ एक गोल कर सकी। इस तरह अर्जेंटीना ने शूटआउट 3-1 से जीतकर विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
2022 की हार का लिया बदला
अर्जेंटीना की इस जीत के साथ ही उसने 2022 विश्व कप फाइनल में नीदरलैंड्स के हाथों मिली हार का बदला भी ले लिया। इस जीत ने मेजबान नीदरलैंड्स को रिकॉर्ड 10वां विश्व कप खिताब जीतने से रोक दिया और महिला अंतरराष्ट्रीय हॉकी में अर्जेंटीना की शीर्ष स्तर पर वापसी सुनिश्चित की।
भारत ने विश्व कप में हासिल किया पांचवां स्थान
एफआईएच महिला विश्व कप में भारतीय टीम ने गुरुवार को वैगनर स्टेडियम में जर्मनी को 3-1 से हराकर विश्व कप 2026 में पांचवां स्थान हासिल किया। यह महिला हॉकी विश्व कप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा, जो 1974 में खेले गए पहले संस्करण में चौथे स्थान के बाद भारत का सबसे बेहतर प्रदर्शन है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के सम्मान में हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को भारतीय टीम के लिए 50 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की।
(एएनआई)
यह भी पढ़ें: कश्मीरी पंडितों पर टिप्पणी से भड़का जम्मू-कश्मीर पीस फोरम, जताई नाराजगी