भारत की प्राची चौधरी ने शनिवार को यहां एशियाई खेल

एशियाई खेलों में प्राची चौधरी ने 400 मीटर में जीता कांस्य

Asian Games: Prachi bronze medal

नागोया:  भारत की प्राची चौधरी ने शनिवार को यहां एशियाई खेलों की महिला 400 मीटर दौड़ के फाइनल में 53.21 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

सलवा नासेर ने जीता स्वर्ण

बहरीन की सलवा नासेर ने 49.20 सेकंड के इन खेलों के रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। ईरान की जहरा जारेई मनौजान ने 52.38 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया। फाइनल में शामिल एक अन्य भारतीय धाविका किरण पहल 53.41 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।

अब 4x400 मीटर रिले पर नजर

प्राची ने अब अपना ध्यान चार गुणा 400 मीटर रिले पर केंद्रित कर लिया है। उन्होंने कहा कि शनिवार को व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक जीतकर उन्होंने अपनी क्षमता साबित कर दी है। उन्होंने कहा, ‘‘यह पदक मेरे लिए बेहद खास है क्योंकि लोग लगातार मुझसे कहते रहे हैं कि मैं केवल रिले स्पर्धाओं में ही पदक जीत सकती हूं। आज मैंने साबित कर दिया है कि मैं व्यक्तिगत 400 मीटर स्पर्धा में भी पदक जीत सकती हूं, और वह भी एशियाई खेलों में।’’

बारिश में दौड़ना नहीं था नया अनुभव

शनिवार को बारिश के बीच आयोजित प्रतियोगिता के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कई बार बारिश में दौड़ने का प्रशिक्षण लिया है इसलिए मेरे लिए ये परिस्थितियां नयी नहीं थीं।’’

ये भी पढ़ें: भारत के जीडीपी में पर्यटन क्षेत्र का 5.22% योगदान, 8.46 करोड़ लोगों को मिल रहा है रोजगार