Asian Para Games: पैरा-तैराक हिमांशु नंडल ने जीता कांस्य, तीरंदाजी में गोल्ड की उम्मीद कायम
आइची-नागोया (जापान)। जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई पैरा गेम्स में मंगलवार को भारत के पैरा-तैराक हिमांशु नंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल S11 कैटेगरी में देश के लिए कांस्य पदक हासिल किया।
हिमांशु नंडल ने दिलाया दूसरा पैरा-तैराकी पदक
हिमांशु ने इस संस्करण में भारत के लिए पैरा-तैराकी का दूसरा पदक अपने नाम किया। चार खिलाड़ियों के इस कड़े फाइनल में उन्होंने 5:10.91 का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। ESPN से मिली जानकारी के मुताबिक, वे रजत पदक विजेता जापान के उचु तोमिता से 32 सेकंड और स्वर्ण पदक जीतने वाले चीन के चुआनझेन सन से 45 सेकंड पीछे रहे। खास बात यह है कि चीन के चुआनझेन ने इस दौरान एक नया एशियाई रिकॉर्ड भी स्थापित किया।
वहीं, इससे पहले पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल S13 स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले रवि कार्तिक बुडिगिना पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल S13 स्पर्धा में 5:41.70 का समय निकालते हुए छठे स्थान पर रहे। इन प्रदर्शनों के साथ एशियाई पैरा खेलों में भारत के पदकों की कुल संख्या अब 24 पर पहुंच गई है, जिसमें 5 स्वर्ण, 8 रजत और 11 कांस्य पदक शामिल हैं।
तीरंदाजी में गोल्ड मेडल के करीब भारत
तैराकी के अलावा तीरंदाजी में भी भारत ने शानदार सफलता हासिल की है। पैरा कंपाउंड तीरंदाजी डबल्स प्रतियोगिता में देश की स्टार एथलीट शीतल देवी और पायल नाग की जोड़ी ने खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली है।
भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल मुकाबले में थाईलैंड की फानिभा स्राथोंगमाव और वासाना खुथाविसाप को 151–135 के बड़े अंतर से मात दी। अब फाइनल में उनका मुकाबला चीन की मजबूत जोड़ी से होगा।
फाइनल मुकाबले पर टिकी निगाहें
शीतल देवी और पायल नाग के प्रदर्शन को लेकर कैंप में जबरदस्त उत्साह है। इसे लेकर जारी अपडेट में कहा गया, "TOPS एथलीट शीतल देवी और पायल नाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई है। अब भारतीय जोड़ी 21 अक्टूबर को सुबह 5:55 बजे (IST) से स्वर्ण पदक मुकाबले में चीन का सामना करेगी, जहाँ उनका लक्ष्य इस पक्के पदक को स्वर्ण में बदलना होगा।" (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: हॉकी फैंस के लिए खुशखबरी, एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के मैचों में मिलेगी फ्री एंट्री