ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका ने बनाई सेमीफाइनल में जगह
लंदन (यूके)। आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप चरण के सभी 30 मुकाबले समाप्त हो चुके हैं और अब टूर्नामेंट को उसके चार सेमीफाइनलिस्ट मिल गए हैं। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर ली है।
ग्रुप चरण का आखिरी मुकाबल
रविवार को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 विश्व कप इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज़ करते हुए भारत को छह विकेट से हराया और बिना कोई मैच गंवाए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
ऑस्ट्रेलियाई टीम को ग्रुप ए में शीर्ष स्थान
ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम अब ग्रुप बी की उपविजेता वेस्टइंडीज से मंगलवार, 30 जून को लंदन के ओवल मैदान में भिड़ेगी। ऑस्ट्रेलिया अब तक महिला टी20 विश्व कप की सबसे सफल टीम रही है और उसके नाम छह खिताब दर्ज हैं। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज ने 10 वर्ष पहले अपना एकमात्र खिताब जीता था।
वेस्टइंडीज भी सेमीफाइनल में
वेस्टइंडीज ने इस विश्व कप में तीन लगातार जीत के साथ शानदार शुरुआत की थी, लेकिन अंतिम दो ग्रुप मुकाबलों में इंग्लैंड और आयरलैंड से हार गई। हालांकि बेहतर नेट रन रेट के आधार पर उसने श्रीलंका को पीछे छोड़ते हुए सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया।
सेमीफाइनल का कार्यक्रम
पहला सेमीफाइनल कल 30 जून को लंदन के 'द ओवल' मैदान में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा एवं दूसरा सेमीफाइनल भी गुरुवार, 2 जुलाई को लंदन के 'द ओवल' मैदान में इंग्लैंड एवं दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा।
विश्व कप का खिताब जीतने का लक्ष्य
इंग्लैंड ने घरेलू सरजमीं पर अब तक खेले गए अपने सभी पांच ग्रुप मैच जीतकर दमदार प्रदर्शन किया है और वह टूर्नामेंट में अजेय बनी हुई है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने भी प्रभावशाली खेल दिखाया। टीम को ग्रुप चरण में केवल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिली, जबकि भारत के खिलाफ जीत ने उसे सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पिछले दो संस्करणों में फाइनल तक पहुंचने वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम इस बार विश्व कप का खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी।
5 जुलाई को होगा फाइनल
दोनों सेमीफाइनल के विजेता 5 जुलाई को प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में होने वाले फाइनल मुकाबले में आमने-सामने होंगे। इस मैच को भारतीय समयानुसार रात 11 बजे Star Sports और JioHotstar पर देख सकते हैं। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः देव स्नान पूर्णिमा 2026: भगवान जगन्नाथ का स्नान उत्सव और प्राकट्य दिवस आज