भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र, न्यूजीलैंड को बड़ा झटका
ऑकलैंड: भारत के खिलाफ आगामी 5 मैचों की वनडे सीरीज से पहले न्यूजीलैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के प्रमुख खिलाड़ी मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 4 नवंबर से ऑकलैंड में होगी।
4 नवंबर से शुरू होगी वनडे सीरीज
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 4 नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा और तीसरा मैच वेलिंगटन और हैमिल्टन में होगा। सीरीज के आखिरी दो मुकाबले 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेले जाएंगे। मार्क चैपमैन हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं। उनके अगले 2 सप्ताह तक मैदान से बाहर रहने की उम्मीद है। वहीं, रचिन रवींद्र कंधे की समस्या से परेशान हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने इस ऑलराउंडर को पूरी तरह फिट होने के लिए अतिरिक्त समय देने का फैसला किया है, ताकि वह इस महीने के अंत में भारत के खिलाफ होने वाली 2 मैचों की ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज से पहले ठीक हो सकें। दोनों खिलाड़ियों के बाहर होने से विकेटकीपर-बल्लेबाज टिम सीफर्ट वनडे सीरीज के सभी 5 मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे। वहीं, हेनरी निकोल्स को शुरुआती 3 मुकाबलों और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को आखिरी 2 मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया है।
हेड कोच रॉब वाल्टर ने जताई निराशा
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने माना कि चैपमैन और रवींद्र का बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका है। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि टीम के पास इन दोनों की गैरमौजूदगी से निपटने के लिए पर्याप्त खिलाड़ी और क्षमता है। ICC की वेबसाइट के मुताबिक, वाल्टर ने कहा, "हर कोई जानता है कि मार्क और रचिन इस टीम के लिए कितने अहम हैं। इसलिए यह निराशाजनक है कि उन्हें यह सीरीज छोड़नी पड़ रही है।" उन्होंने आगे कहा, "मैं पिछले सप्ताह मार्क से मिला था। वह निराश जरूर हैं, लेकिन मैदान पर वापसी के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। रचिन का कंधा अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुआ है और वह व्हाइट-बॉल क्रिकेट में आराम से फील्डिंग करने की स्थिति में नहीं हैं। इस महीने के अंत में होने वाली टेस्ट सीरीज को देखते हुए हम कोई जोखिम नहीं लेना चाहते।" वाल्टर ने कहा कि हेनरी निकोल्स को टीम में शामिल करके वे खुश हैं, क्योंकि वह टीम के लिए नए नहीं हैं। वहीं, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में खेल चुके हैं।
पहले 3 मैचों के लिए न्यूजीलैंड की टीम
मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट फिशर, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डेरिल मिशेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग और ब्लेयर टिकनर। मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिच हे, निक केली, टिम सीफर्ट, ब्लेयर टिकनर और विल यंग।
(ANI)
ये भी पढ़ें: बलिया में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, अवैध वसूली के आरोप में SI और हेड कांस्टेबल निलंबित