फीफा विश्व कप 2026: इंग्लैंड ने पनामा को 2-0 से हराया, ग्रुप एल में टॉप पर किया फिनिश
लॉस एंजिल्स (अमेरिका): शनिवार को फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप एल के अहम मुकाबले में इंग्लैंड ने पनामा को 2-0 से हराकर ग्रुप चरण का शानदार समापन किया। जूड बेलिंगहैम और हैरी केन ने गोल दागकर टीम को आसान जीत दिलाई।
बेलिंगहैम और केन ने दिलाई जीत
कड़े मुकाबले वाले पहले हाफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद 62वें मिनट में कॉर्नर के बाद जूड बेलिंगहैम ने बॉक्स के अंदर शानदार फिनिश करते हुए इंग्लैंड को 1-0 की बढ़त दिलाई। सिर्फ छह मिनट बाद बेलिंगहैम ने शानदार क्रॉस दिया, जिसे कप्तान हैरी केन ने जोरदार हेडर के जरिए गोल में बदलकर 68वें मिनट में स्कोर 2-0 कर दिया।
हैरी केन ने रचा नया इतिहास
इस गोल के साथ हैरी केन फीफा विश्व कप इतिहास में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। उनके नाम अब 11 विश्व कप गोल हो गए हैं, जिससे उन्होंने गैरी लाइनकर के 10 गोल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके अलावा प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में इंग्लैंड के लिए केन के गोलों की संख्या 18 हो गई। इससे पहले क्रोएशिया के खिलाफ 4-2 की जीत में दो गोल कर उन्होंने लाइनकर के रिकॉर्ड की बराबरी की थी।
पनामा बिना अंक और बिना गोल के बाहर
90वें मिनट में पनामा ने गोल जरूर किया, लेकिन ऑफसाइड के कारण उसे रद्द कर दिया गया। इसके साथ ही पनामा बिना कोई अंक और बिना कोई गोल किए टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
ग्रुप एल में इंग्लैंड शीर्ष पर
थॉमस ट्यूशेल की टीम ने अपने पहले मैच में क्रोएशिया को 4-2 से हराया था, जबकि दूसरे मुकाबले में घाना के खिलाफ 0-0 से ड्रॉ खेला था। पनामा पर जीत के साथ इंग्लैंड ने ग्रुप एल में शीर्ष स्थान हासिल किया। ग्रुप में क्रोएशिया दूसरे स्थान पर रहा, जबकि घाना तीसरे स्थान पर रहते हुए अगले दौर में पहुंच गया।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: महिला टी20 विश्व कप में आयरलैंड ने रचा इतिहास, पहली जीत से वेस्ट इंडीज की सेमीफाइनल उम्मीदों को बड़ा झटका