फीफा विश्व कप में 64 टीमों के विस्तार पर चर्चा करेगा फीफा, इन्फेंटिनो ने दी पुष्टि
ज्यूरिख,(स्विट्जरलैंड)। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने पुष्टि की है कि विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था 2026 विश्व कप के बाद पुरुषों के फीफा विश्व कप को 64 टीमों तक बढ़ाने के प्रस्ताव पर चर्चा करेगी। इन्फेंटिनो ने कहा कि विश्व कप केवल यूरोप और दक्षिण अमेरिका तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि दुनिया के हर देश को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का सपना देखने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि फुटबॉल का स्तर दुनियाभर में लगातार बढ़ रहा है और अधिक देशों को मौका देने से खेल को और मजबूती मिलेगी।
फीफा की संबंधित समितियों में चर्चा
2026 फीफा विश्व कप की मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको संयुक्त रूप से कर रहे हैं। यह टूर्नामेंट 48 टीमों के नए प्रारूप में खेला जा रहा है, जबकि इससे पहले विश्व कप में 32 टीमें हिस्सा लेती थीं। 64 टीमों वाले विश्व कप की संभावना पर पूछे गए सवाल के जवाब में इन्फेंटिनो ने कहा कि इस मुद्दे पर 2026 टूर्नामेंट के बाद फीफा की संबंधित समितियों में चर्चा की जाएगी।
दुनियाभर में राष्ट्रीय टीमों का स्तर तेजी से हो रहा बेहतर
उन्होंने कहा कि अगर छोटे देशों को विश्व कप जैसे बड़े मंच पर खेलने का मौका नहीं मिलेगा, तो उनके विकास की प्रेरणा प्रभावित हो सकती है। इन्फेंटिनो के अनुसार, दुनियाभर में राष्ट्रीय टीमों का स्तर तेजी से बेहतर हो रहा है और इस बदलाव को ध्यान में रखना जरूरी है। 64 टीमों वाले विश्व कप का विचार पहली बार मार्च 2025 में सामने आया था, जब दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल परिसंघ कॉनमेबोल ने 2030 विश्व कप के लिए इसका प्रस्ताव रखा था। 2030 टूर्नामेंट विश्व कप के 100 वर्ष पूरे होने का प्रतीक होगा।
सभी फुटबॉल संगठनों की राय एक जैसी नहीं
हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर सभी फुटबॉल संगठनों की राय एक जैसी नहीं है। कॉनकाकैफ के अध्यक्ष विक्टर मोंटाग्लियानी ने पहले कहा था कि 64 टीमों तक विस्तार करना टूर्नामेंट और पूरे फुटबॉल ढांचे के लिए सही फैसला नहीं हो सकता। यदि 64 टीमों वाला प्रारूप लागू होता है, तो विश्व कप में कुल 128 मुकाबले खेले जाएंगे, जो 1998 से 2022 तक चले 32 टीमों वाले प्रारूप के मुकाबलों की संख्या से दोगुना होगा। 2026 विश्व कप में कुल 104 मैच खेले जा रहे हैं।
इंग्लैंड,अर्जेंटीना, फ्रांस और स्पेन ने बनाई अंतिम चार में जगह
इस बीच, फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो चुकी है। इंग्लैंड और अर्जेंटीना ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर फ्रांस और स्पेन के साथ अंतिम चार में जगह बना ली है। सेमीफाइनल के विजेता टीमें 20 जुलाई को होने वाले फाइनल में आमने-सामने होंगी, जबकि हारने वाली टीमें तीसरे स्थान के लिए प्लेऑफ मुकाबला खेलेंगी। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः जैनिक सिनर ने जीता विंबलडन खिताब, ज़्वेरेव को चार सेटों में हराकर रचा इतिहास