हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान में आयोजित अंडर-19 वनडे

भारत अंडर-19 विश्व चैंपियन: फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर छठी बार रचा इतिहास

India Clinch Sixth U19 World Cup Title with Dominant Final Win

हरारे (ज़िम्बाब्वे )। हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान में आयोजित अंडर-19 वनडे विश्व कप के फाइन मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया है। भारत ने इससे पहले साल 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था।

पहले बल्लेबाजी कर भारत ने खड़ा किया विशाल स्कोर

इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 411 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर ऑल आउट हो गई। भारत के लिए वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शतक जड़ा जबकि इंग्लैंड के लिए कैलब फाल्कनर ने शतक जड़ा।

वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक और विस्फोटक पारी

भारत के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 80 गेंद में 175 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में कुल 15 चौके और 15 छक्के जड़े। कप्तान आयुष म्हात्रे ने 51 गेंद पर 53 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए। अभिज्ञान कुंडू ने अपनी पारी में 31 गेंद पर 6 चौके और एक छक्के की बदौलत 40 रन बनाए। वहीं, कनिष्क चौहान ने 37 रन, एरोन जॉर्ज ने 9, खिलान पटेल ने 3 और हेनिल पटेल ने 5 रन बनाए। दीपेश देवेंद्रन बिना खाता खोले नाबाद रहे।

इंग्लैंड के लिए जेम्स मिंटो ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। एलेक्स ग्रीन और सेबेस्टियन मॉर्गन ने भी 2-2 विकेट झटके जबकि मैनी लम्सडेन को 1 विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करते हुए दबाव में रही इंग्लैंड की टीम

इंग्लैंड की ओर से कैलब फाल्कनर ने 67 गेंद पर 115 रन की पारी खेली। हालांकि फाल्कनर की शतक टीम को खिताब नहीं दिला पाई। इंग्लैंड के ओपनर बेन डॉकिन्स ने 56 गेंद में 66 रन बनाए। वहीं, जोसेफ मूरेस ने 17, बेन मेयस ने 45, कैप्टेन थॉमस रीव ने 31, फरहान अहमद ने 1, जेम्स मिंटो ने 28, मैनी लम्सडेन ने 3 रन बनाए जबकि राल्फी अल्बर्ट और सेबेस्टियन मॉर्गन अपना खाता भी नहीं खोल पाए।

पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा भारत

भारत के लिए आर एस अंबरीश ने 3, दीपेश देवेंन्द्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 जबकि खिलान पटेल और आयुष म्हात्रे ने एक-एक विकेट लिए। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम ने इस सीजन में अपने सभी सातों मुकाबले बिना हारे खिताब पर कब्जा जमाया।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/business/markets-end-higher-after-rbi-holds-repo-rate-steady/132271

आरबीआई के रेपो रेट ऐलान से शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद