कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन की शतकीय साझेद

सूर्या–ईशान की शतकीय साझेदारी में उड़ी न्यूजीलैंड, भारत को सीरीज में 2-0 की बढ़त

India Script Record Fastest 200+ T20 Chase Against New Zealand

रायपुर। कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन की शतकीय साझेदारी की बदौलत भारत ने रायपुर में पांच मैच की सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में मेहमान न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हरा दिया। इस जीत से भारत ने न्यूजीलैंड पर 2-0 की बढ़त बना ली है। भारत ने आज टी-20 इतिहास का सबसे तेज रन चेज (200+) कर नया रिकॉर्ड बनाया। दोनों टीमों के बीच अगला मैच 25 जनवरी 2026 को एसीए स्टेडियम, बारसापारा, गुवाहाटी में  शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा।

न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए 208/6

न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 208/6 बनाए, जिसमें मिचेल सेंटनर ने 47 (नाबाद) और रचिन रवींद्र ने 44 रन का योगदान दिया। जीत के लिए मिले 209 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने आतिशी अंदाज में 15.2 ओवर में ही हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 82* (37) और ईशान किशन ने 76(32) रन की आतिशी पारी खेलीं और टीम की एकतरफा जीत में अहम भूमिका अदा की। 32 गेंद में 76 रन की आतिशी पारी खेलने वाले ईशान किशन को प्लेयर ऑफ दी मैच चुना गया।

महज 6 रन के स्कोर पर पैवेलियन लौटे ओपनर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन

भारतीय टीम जीत के लिए आवश्यक 209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की सलामी जोड़ी पहली सात गेंद में महज 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गई थी। सैमसन पारी की पांचवीं गेंद पर 6(5) रन बनाकर मैट हेनरी की गेंद पर रचिन रवींद्र के हाथों लपके गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा को जैकब डफी ने अपनी पहली गेंद पर कैच कराकर चलता कर दिया। अभिषेक अपना खाता भी नहीं खोल पाए।

ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने 25 गेंद में पूरी अर्धशतकीय साझेदारी

मात्र 6 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद भारतीय टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। लेकिन फिर ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला। दोनों ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को 4.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। ईशान किशन ने अपना आतिशी अंदाज जारी रखा और सूर्या ने साझेदारी में एंकर की भूमिका अदा की। ईशान ने 21 गेंद में अपना अर्धशतक 9 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया और तीसरे विकेट के लिए सूर्या के साथ अर्धशतकीय साझेदारी 25 गेंद में पूरी कर ली। ईशान 32 गेंद में 76 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 4 छक्के जड़े।

सूर्या ने 14 महीने बाद जड़ा पहला अर्धशतक

ईशान के आउट होने के बाद सूर्या का दूसरे छोर पर शिवम दुबे का साथ मिला। ऐसे में सूर्या ने भी आतिशी रुख अपनाया और 14 महीने बाद अपना पहला अर्धशतक 23 गेंद में 6 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद दूसरे छोर से शिवम ने भी हल्ला बोल दिया। भारत ने 11.1 ओवर में 150 रन के आंकड़े को और 14.2 ओवर में 200 रन के आंकड़े को पार कर लिया। दोनों ने इस दौरान चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 23 गेंद में पूरी कर ली। अंत में भारतीय टीम ने 15.2 ओवर में 209 रन के विजयी लक्ष्य को हासिल कर लिया। सूर्यकुमार यादव 82(37) रन बनाकर और शिवम दुबे 36(18) रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी, जैकब डफी और ईश सोढ़ी ने एक-एक विकेट चटकाया।

ईशान किशन ने मात्र 32 गेंदों पर ठोंके 76 रन

ईशान किशन ने रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए दूसरे टी20 मैच में अपने बल्ले का जौहर दिखाया। न्यूजीलैंड के खिलाफ नंबर थ्री पर बल्लेबाजी करते हुए किशन ने मात्र 32 गेंदों पर 11 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 76 रन ठोंक दिए। पावरप्ले में 23 गेंदों का सामना कर 56 रन बनाने वाले किशन पहले ऐसे गैर-ओपनर भारतीय बल्लेबाज बन गए जिन्होंने इस दौर में अर्धशतक जड़ा। भारत के दो विकेट मात्र छह रन पर गिर जाने के बाद बल्लेबाजी का दायित्व निभाते हुए ईशान ने पावरप्ले में 75/2 का शानदार स्कोर खड़ा किया, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा पावरप्ले टोटल है।

भारत ने टॉस जीतकर किया था पहले गेंदबाजी का फैसला

भारत ने रायपुर में खेले गये मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में न्यूजीलैंड ने 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाकर भारत के सामने जीत के लिए बड़ा लक्ष्य दिया। इससे पहले न्यूजीलैंड की शुरुआत आक्रामक रही। डेवोन कॉनवे ने 9 गेंदों में 19 रन बनाते हुए तेज शुरुआत दी। लेकिन वह हर्षित राणा की गेंद पर हार्दिक पंड्या को कैच दे बैठे। इसके तुरंत बाद टिम सेफर्ट भी ज्यादा देर टिक नहीं सके। सेफर्ट ने 13 गेंदों में 24 रन बनाए, जिसमें 5 चौके शामिल रहे।

न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र ने 26 गेंदों में बनाए 44 रन

रचिन रवींद्र ने मिडिल ओवर्स में किवी टीम की पारी को संभालते हुए आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के शामिल रहे। इसके बाद कप्तान मिचेल सैंटनर ने आखिरी ओवरों में मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया। सैंटनर ने 27 गेंदों में 47 रन की नाबाद पारी खेली और भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उनके साथ जाकरी फुल्क्स ने भी 8 गेंदों में 15 रन बनाकर तेजी बनाए रखी।

129 के स्कोर पर पवेलियन लौट गई थी न्यूजीलैंड की आधी टीम

न्यूजीलैंड की आधी टीम 129 के स्कोर पर पवेलियन लौट गई थी। ऐसे में कप्तान मिचेल सेंटनर ने मार्क चैपमैन का साथ दिया। दोनों ने मोर्चा संभाला और टीम को 14.5 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों स्कोर को 161 रन तक ले गए। 17वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चैपमैन को पांड्या ने अभिषेक के हाथों कैच करा दिया।

सेंटनर और जैक फॉक्स ने 208 रन तक पहुंचाया टीम का स्कोर

चैपमैन के आउट होने के बाद सेंटनर ने मोर्चा संभाला। दूसरे छोर से उन्हें जैक फॉक्स का साथ मिला। दोनों ने और कोई विकेट टीम को अंत तक नहीं गिरने दिया और टीम को 20 ओवर में 6 विकेट पर 208 रन तक पहुंचा दिया। सेंटनर 47(27) और फॉक्स 15(8) रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट कुलदीप यादव ने लिए। वहीं एक-एक सफलता हार्दिक पांड्या, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को मिली।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/ec-may-halt-sir-in-bengal-amid-violence-and-non-compliance/106167

पश्चिम बंगाल में हिंसा न थमने पर SIR स्थगित कर सकता है चुनाव आयोग, राज्य सरकार पर कार्रवाई का दबाव