जूनियर एशिया कप हॉकी में भारत ने चीनी ताइपे को 15-

जूनियर एशिया कप हॉकी में भारत की धमाकेदार जीत, चीनी ताइपे को 15-0 से रौंदकर सेमीफाइनल में एंट्री

India Storm Into Junior Asia Cup Hockey Semifinal With 15-0 Win

मोकी (चीन)। जूनियर एशिया कप हॉकी में टीम इंडिया ने विरोधियों के खिलाफ अपना दबदबा कायम रखते हुए सेमीफाइनल में शानदार एंट्री की है। चीन के मोकी में भारतीय टीम ने चीनी ताइपे को 15-0 से करारी शिकस्त दी। इस धमाकेदार जीत के हीरो रहे कप्तान अनमोल इक्का, जिन्होंने अकेले छह गोल दागकर ताइपे की टीम को पूरी तरह पस्त कर दिया। पहले क्वार्टर में गोल के लिए तरसी भारतीय टीम ने इसके बाद ऐसी रफ्तार पकड़ी कि लगातार गोलों की बारिश कर दी। तीन जीत और एक ड्रॉ के साथ 10 अंक लेकर भारत पूल-ए में टॉप पर रहा और अब उसकी नजरें एक बार फिर खिताब पर हैं।

भारत पूल-ए में टॉप पर

अनमोल ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदलने के अपने कौशल का शानदार नमूना पेश किया। भारतीय टीम पहले क्वार्टर में गोल नहीं कर पाई थी लेकिन इसके बाद उसने शानदार खेल दिखाया और दनादन गोल दागे। पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम ने तीन जीत और एक ड्रॉ के साथ पूल ए में 10 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। दक्षिण कोरिया ने जापान को 3-2 से हराकर नौ अंक के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई।

दूसरे क्वार्टर में गोलों की बारिश

जापान, इंडोनेशिया और चीनी ताइपे खिताब की दौड़ से बाहर हो गए हैं और अब वे वर्गीकरण मैचों में खेलेंगे। भारत ने पहले क्वार्टर में गेंद पर कब्जा बनाए रखा लेकिन वह ताइपे की रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रहे। भारत ने दूसरे क्वार्टर में पांच मिनट के अंदर तीन गोल किए। आर्यन ज़ेस ने 17वें मिनट में भारत का खाता खोला, जिसके एक मिनट बाद ही प्रभदीप सिंह ने बढ़त को दोगुना कर दिया। फिर गुरसेवक सिंह ने 22वें मिनट में तीसरा गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया।

अनमोल के गोल से भारत 6-0 आगे

अनमोल ने 25वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना पहला गोल किया। अर्जुन संतोष हरगुडे ने 28वें मिनट में गोल दागा, जबकि अगले ही मिनट अनमोल ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदला। इस तरह से भारत ने हाफ टाइम तक 6-0 की बढ़त बना ली थी।भारत ने इसके बाद भी आक्रामक रवैया अपनाया तथा तीसरे क्वार्टर के शुरुआती तीन मिनट के भीतर दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। अनमोल ने इन दोनों को गोल में बदलने में किसी तरह की गलती नहीं की।

अनमोल ने दागे पांच गोल

अजीत यादव ने भी 35वें मिनट में गोल करके स्कोरशीट पर अपना नाम दर्ज कराया, जबकि अनमोल ने गोल करने का अपना सिलसिला जारी रखा। उन्होंने 45वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मैच का अपना पांचवां गोल किया और तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत को 10-0 से आगे कर दिया।

आखिरी क्वार्टर में भी भारत का दबदबा

भारतीय टीम ने अंतिम 15 मिनटों में भी मनमाफिक गोल किए। हरपाल ने 48वें मिनट में मैदानी गोल दागा जिसके बाद अनमोल ने 51वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर मैच का अपना छठा गोल किया। इसके बाद हरपाल ने अपना दूसरा गोल दागा, वहीं आर्यन ज़ेस ने दो गोल किए।

यह भी पढ़े:   पिकलबॉल वर्ल्ड कप 2026 में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन, 41 मेडल के साथ चौथे स्थान पर