सुपर 8 में साउथ अफ्रीका, ज़िम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज़ से होगा भारत का सामना
नई दिल्ली। ICC Men's T20 World Cup में आयरलैंड के खिलाफ पल्लेकेले में मंगलवार को होने वाला मैच बारिश की वजह से रद्द होने के बाद जिम्बाब्वे सुपर 8 चरण में पहुंचने वाली नई टीम बन गई है। इसके साथ ही भारत के अगले दौर के मुकाबले भी तय हो गए हैं। डिफेंडिंग चैंपियन भारत अब जिम्बाब्वे, वेस्ट इंडीज और पिछले सीजन के रनर-अप दक्षिण अफ्रीका के साथ सुपर 8 में शामिल है।
सुपर 8 में भारत के बड़े मुकाबले तय
आगामी 22 फरवरी को अहमदाबाद में भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। इसके बाद चेन्नई में टीम जिम्बाब्वे से भिड़ेगी। इसके बाद भारतीय टीम कोलकाता में अपना सुपर 8 चरण का आखिरी मैच वेस्ट इंडीज के खिलाफ खेलेगी। भारतीय टीम ने रविवार को कोलंबो में अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रन से हराया और सुपर 8 में जगह बनाई। भारत ने ग्रुप ए में तीनों मैच जीतकर पहला स्थान हासिल किया है।
नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत की लय बरकरार रखने की चुनौती
भारत अपना अंतिम ग्रुप मैच बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगा। इससे पहले टी20 इंटरनेशनल में दोनों टीमों का भिड़ंता केवल एक बार ही हुआ है, जिसमें भारत ने 2022 सिडनी में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप मैच में जीत हासिल की थी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम कोशिश करेगी कि उसे लगातार चौथी जीत मिले। टीम ने इससे पहले अमेरिका, नामीबिया और पाकिस्तान को हरा चुकी है।
नीदरलैंड्स की उम्मीदें लगभग खत्म
नीदरलैंड्स की पाकिस्तान से हार और अमेरिका से बड़ी हार के बाद सुपर 8 में पहुंचने की उसकी उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं। स्कॉट एडवर्ड्स की टीम के नाम अब तक सिर्फ नामीबिया के खिलाफ एक जीत है।
भारत की टीम इस प्रकार है: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।
नीदरलैंड्स टीम: स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), माइकल लेविट, मैक्स ओ'डाउड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, जैक लायन-कैशेट, लोगन वैन बीक, आर्यन दत्त, रूलोफ वैन डेर मेरवे, काइल क्लाइन, फ्रेड क्लासेन, नोआ क्रोएस, साकिब जुल्फिकार, पॉल वैन मीकेरेन और टिम वैन डेर गुटेन।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/sports/rain-knocks-australia-out-zimbabwe-storm-into-super-8/144167