ऑकलैंड में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में न्यूज़ीलै

न्यूजीलैंड ने भारत को 87 रन से हराया, ग्लेन फिलिप्स के तूफानी शतक से कीवी टीम की मिली पहली जीत

Kiwis get first win in series, beat India by 87 runs

ऑकलैंड (न्यूज़ीलैंड)। ऑकलैंड में शुक्रवार को खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 87 रनों से करारी शिकस्त देकर पांच मैचों की सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज की है। इस हार के बावजूद भारतीय टीम सीरीज में 3-1 से आगे है।

पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 259 रनों का विशाल पहाड़ खड़ा किया, जो भारत के खिलाफ टी20 क्रिकेट में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। कीवी पारी की मुख्य आकर्षण ग्लेन फिलिप्स का विस्फोटक शतक रहा, जिन्होंने महज 49 गेंदों में 6 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 107 रनों की शानदार नाबाद पारी खेली। उनका साथ देते हुए माइकल ब्रेसवेल ने महज 25 गेंदों में 65 रनों की धुआंधार पारी खेली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए मात्र 40 गेंदों में 115 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की।

शुरुआत में लड़खड़ाई थी कीवी पारी

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। मयंक यादव ने अपने स्पेल की शुरुआत में ही ओपनर टिम सीफर्ट (3) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद मयंक ने डेरिल मिशेल (24) को भी आउट कर दिया, जिससे मेजबान टीम 34 रन पर 2 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। हालांकि, इसके बाद फिलिप्स और फिन एलन (31) ने जिम्मेदारी संभाली और स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाते हुए पावरप्ले में टीम का स्कोर 67/2 तक पहुंचाया।

ताश के पत्तों की तरह बिखरी भारतीय बैटिंग

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत डरावनी रही। जैकब डफी (4/23) ने अपने शुरुआती ओवर में ही संजू सैमसन (4) और ईशान किशन (0) को चलता कर भारत को गहरे संकट में डाल दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर (22) और अभिषेक शर्मा (27) भी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए। मध्य क्रम में तिलक वर्मा ने 35 और नमन धीर ने 28 रनों का योगदान जरूर दिया, लेकिन नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों के कारण पूरी भारतीय टीम 20 ओवरों में 172 रनों पर ढेर हो गई।

गेंदबाजी और रिकॉर्ड्स की बौछार

न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी ने सबसे घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 23 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। मिचेल सेंटनर और मैथ्यू फिशर को दो-दो सफलताएं मिलीं। सेंटनर ने इस मुकाबले के दौरान अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर के 150 विकेट भी पूरे किए। वहीं, भारतीय गेंदबाजों के लिए यह साल बेहद खर्चीला साबित हो रहा है। साल 2026 में भारतीय गेंदबाजों ने अब तक 11वीं बार विपक्षी टीम को 200 से अधिक रन बनाने का मौका दिया है, जो टी20 क्रिकेट के एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा बार 200+ रन लुटाने का अनचाहा रिकॉर्ड है। सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला अब खेला जाना बाकी है। (इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड सीरीज के लिए रोहित-कोहली ने शुरू की तैयारी, नेट्स में बहाया पसीना