एफआईएच प्रो लीग में भारत बनाम पाकिस्तान: लंदन में आज होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला
नई दिल्ली, 23 जून 2026। भारतीय पुरुष हॉकी टीम आज भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे एफआईएच प्रो लीग में अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगी। यह मैच लंडन के ली वैली हॉकी और टेनिस सेंटर में खेला जाएगा।
भारत ने नीदरलैंड्स को 3-2 से हराया
भारत इस मुकाबले में नीदरलैंड्स पर मिली 3-2 की रोमांचक जीत के बाद आत्मविश्वास से भरा हुआ उतरेगा। पिछले मैच में जुगराज सिंह, अभिषेक और राजिंदर सिंह के गोलों की मदद से भारत ने कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की थी, जिससे टीम का मनोबल काफी बढ़ा है।
अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी दोनों टीमें
दोनों टीमें एफआईएच प्रो लीग के मौजूदा सत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। नीदरलैंड्स पर जीत की लय के साथ भारत इस मैच में अपनी फॉर्म को बरकरार रखना चाहेगा, जबकि पाकिस्तान वापसी करने के इरादे से उतरेगा। यह मुकाबला एक बार फिर रोमांच से भरपूर होने की उम्मीद है।
तीन और मैच खेलेगा भारत
टूर्नामेंट शेड्यूल के अनुसार, दोनों टीमें इस सप्ताह के अंत में शुक्रवार, 26 जून 2026 को एक बार फिर आमने-सामने होंगी, जिससे इस मुकाबले की अहमियत और भी बढ़ जाती है। आज भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार प्लेटफॉर्म पर या स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के माध्यम से टेलीविजन पर देख सकते हैं। इस टूर्नामेंट में भारत तीन और मैच खेलेगा, जो इस प्रकार हैं- 26 जून 2026: भारत बनाम पाकिस्तान (पुरुष), 26 जून 2026: इंग्लैंड बनाम भारत (महिला), 28 जून 2026: इंग्लैंड बनाम भारत (पुरुष)।
यह भी पढ़ेंः आधार ऐप के 31 मिलियन से ज़्यादा डाउनलोड: इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय