अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारती

कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप: अहमदाबाद में भारत की महिला टीम ने मलेशिया और पुरुष टीम ने इंग्लैंड को हराया

India women's players in action

अहमदाबाद (गुजरात)। अहमदाबाद के वीर सावरकर स्टेडियम में शुक्रवार से शुरू हुई कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारतीय टीमों ने अपने अभियान का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया। महिला टीम ने मलेशिया को 73-13 के विशाल अंतर से हराया, जबकि पुरुष टीम ने इंग्लैंड को 46-26 से शिकस्त दी।

महिलाओं ने शुरू से रखा दबदबा

भारतीय महिला टीम ने मुकाबले की शुरुआत से ही मलेशिया पर शिकंजा कस दिया। कप्तान निधि शर्मा के नेतृत्व में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने हाफ-टाइम तक 30-11 की मजबूत बढ़त बना ली थी। मैच के दूसरे हाफ में भारतीय महिलाओं ने अपनी रफ्तार और बढ़ाई और मलेशिया को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

साक्षी ने कुल 13 पॉइंट (8 रेड और 5 टैकल) हासिल किए, जबकि बेंच से उतरीं रेणुका ने 9 रेड में 9 पॉइंट जुटाकर महफिल लूट ली। भारत ने कुल 40 रेड पॉइंट और 20 टैकल पॉइंट हासिल किए और मलेशिया को छह बार ऑल-आउट किया, जबकि खुद एक बार भी ऑल-आउट नहीं हुए।

पुरुष टीम ने भी इंग्लैंड को दी मात

महिला टीम के बाद मैदान पर उतरी भारतीय पुरुष टीम ने भी शानदार फॉर्म जारी रखी। कप्तान सुरजीत सिंह की अगुवाई में उतरी टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 46-26 से आसानी से हरा दिया। भारत ने रेडिंग में 32 और टैकलिंग में 8 अंक बटोरे।

स्टार रेडर नवीन कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 12 पॉइंट (11 रेड और 1 टैकल) अपने नाम किए और टीम के टॉप स्कोरर रहे। वहीं, नीरज नरवाल ने भी 11 रेड पॉइंट का अहम योगदान दिया। इंग्लैंड की टीम ने तीसरे क्वार्टर में कुछ संघर्ष जरूर दिखाया, लेकिन आखिरी पलों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: पीवी सिंधु ने चिउ पिन-चियन को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह