इतिहास रच गई भारतीय बधिर महिला क्रिकेट टीम, श्रीलंका को 5-0 से हराकर जीती टी20 सीरीज
मोरतुवा (श्रीलंका): भारतीय बधिर महिला क्रिकेट टीम ने अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय दौरे पर इतिहास रच दिया। टीम ने मेजबान श्रीलंकाई बधिर महिला क्रिकेट टीम को टी20 सीरीज में 5-0 से क्लीन स्वीप कर शानदार उपलब्धि अपने नाम की। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मोरतुवा के डी सोयसा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेली गई पांच मैचों की सीरीज के अंतिम मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 13.5 ओवर में 40 रन पर ऑलआउट कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने लक्ष्य को तीन विकेट खोकर हासिल करते हुए सात विकेट से मैच जीत लिया और सीरीज पर 5-0 से कब्जा जमा लिया।
समापन समारोह में खिलाड़ियों का सम्मान
सीरीज के बाद आयोजित भव्य समापन समारोह में श्रीलंका के खेल मंत्री सुनील कुमार गामगे, भारत के उप उच्चायुक्त मैत्रेय कुलकर्णी और श्रीलंका के सांसद सुगत वासंथा मौजूद रहे। इस दौरान भारत के उप उच्चायुक्त मैत्रेय कुलकर्णी ने विजेता भारतीय टीम और उपविजेता श्रीलंकाई टीम को ट्रॉफी प्रदान की।
आईडीसीए अध्यक्ष ने जताया गर्व
भारतीय बधिर क्रिकेट संघ (IDCA) के अध्यक्ष सुमित जैन ने कहा कि श्रीलंका में भारतीय महिला टीम का प्रदर्शन साबित करता है कि वह भी पुरुष टीम की तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, "मैं श्रीलंका बधिर क्रिकेट संघ, श्रीलंका के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, प्रायोजकों, प्रबंधन और ग्राउंड स्टाफ का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करता हूं। भारत और श्रीलंका के सभी खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।"
'भारत को क्रिकेट में कोई नहीं रोक सकता'
विलू पूनावाला चैरिटेबल फाउंडेशन के सीईओ जसविंदर नारंग ने कहा कि भारतीय टीम के प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि क्रिकेट के प्रति भारत का जुनून और प्रतिभा बेमिसाल है। उन्होंने टीम को ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते हुए श्रीलंका डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के आतिथ्य की भी सराहना की।
सीईओ रोमा बलवानी ने बताया ऐतिहासिक पल
आईडीसीए की सीईओ रोमा बलवानी ने कहा कि अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय टी20 दौरे में 5-0 से सीरीज जीतना भारतीय महिला क्रिकेटरों की असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने कहा, "इन खिलाड़ियों ने भारतीय बधिर महिला क्रिकेट को वैश्विक पहचान दिलाई है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, साइरस पूनावाला ग्रुप और श्रीलंका में हमारे मेजबानों के सहयोग के बिना यह संभव नहीं होता।"
पुरस्कार विजेता
- फाइनल मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: श्रद्धा वैष्णव (भारत)
- सीरीज की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: चांदनी खान (भारत)
- सीरीज की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: नीदा जाबी शेख (भारत)
- सीरीज की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: रेड्डी ज्योश्ना (भारत)
(एएनआई)
यह भी पढ़े: बटरफ्लाई UTT: बर्नाडेट स्ज़ोक्स के दम पर डेम्पो गोवा ने कोलकाता को 8-7 से हराया