60 विकेट लेने वाले नबी अब काउंटी क्रिकेट में दिखाएंगे दम
नई दिल्ली: सरे ने अपने अगले तीन काउंटी चैम्पियनशिप मैचों के लिए भारतीय तेज गेंदबाज औकिब नबी को टीम में शामिल किया है। जम्मू और कश्मीर के इस तेज गेंदबाज ने यॉर्कशायर, ससेक्स और ग्लैमोरगन के खिलाफ काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन वन के तीन मैचों के लिए सरे टीम को जॉइन किया है। सरे क्रिकेट ने एक पोस्ट में लिखा, सरे ने अगले तीन काउंटी चैम्पियनशिप मैचों के लिए भारतीय तेज गेंदबाज औकिब नबी की सेवाएं हासिल कर ली हैं। औकिब नबी ने इस साल जम्मू और कश्मीर को अपना पहला रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई और 60 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीता।
नबी के 60 विकेट, जम्मू-कश्मीर को दिलाया रणजी खिताब
वह श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में सुपरस्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के स्थान पर भी खेले थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला क्योंकि भारत ने उनसे पहले प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया था। नबी ने जम्मू और कश्मीर की पहली रणजी ट्रॉफी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह हाल ही में श्रीलंका दौरे पर गई भारतीय ए टीम का भी हिस्सा थे, जहां उन्होंने दो प्रथम श्रेणी मैचों में छह विकेट लिए। 29 वर्षीय नबी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में अपनी टीम के लिए 60 विकेट लिए, जिससे जम्मू और कश्मीर को अपना पहला घरेलू खिताब जीतने में मदद मिली। उन्होंने 10 मैचों (17 पारियों) में 12.56 के औसत से ये विकेट लिए, जिसमें सात बार पांच विकेट लेने का कारनामा शामिल है, और टूर्नामेंट के शीर्ष विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए।
आईपीएल में नाकाम रहे नबी
घरेलू क्रिकेट में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें 2026 आईपीएल नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा। उन्होंने पांच मैच खेले लेकिन कोई विकेट नहीं ले पाए और 11.46 की इकॉनमी से रन लुटाए। सरे की जर्सी में कई भारतीय खिलाड़ी खेल चुके हैं, जिनमें साई सुदर्शन ने 2023 और 2024 में थोड़े समय के लिए खेला और फिर राजस्थान के बल्लेबाज महिपाल लोमरोर को इस महीने की शुरुआत में छह मैचों के लिए साइन किया गया। इसके अलावा, भारतीय स्पिनर राहुल चाहर भी क्लब के साथ अनुबंधित हैं। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज को शनिवार को वर्क वीजा से संबंधित सभी आवश्यक मंजूरी मिल गई और वे उपलब्ध पहली फ्लाइट से रवाना हो गए। उम्मीद है कि वे बुधवार को ओवल में यॉर्कशायर के खिलाफ अपना डेब्यू करेंगे।
(इनपुट: ANI)
ये भी पढ़ें- रॉबर्ट कियोसाकी के 1.2 अरब डॉलर कर्ज पर बड़ा खुलासा