फीफा विश्व कप 2026 फाइनल में जस्टिन बीबर, बीटीएस और शकीरा का होगा हाफटाइम शो
ज्यूरिख,(स्विट्जरलैंड)। फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले का हाफटाइम शो संगीत और मनोरंजन का भव्य आयोजन बनने जा रहा है। इस खास कार्यक्रम में ग्रैमी पुरस्कार विजेता जस्टिन बीबर, लोकप्रिय के-पॉप समूह बीटीएस, अफ्रीकी स्टार बर्ना बॉय, पॉप आइकन शकीरा और मैडोना जैसी अंतरराष्ट्रीय हस्तियां प्रस्तुति देंगी।
दुनिया भर के बच्चों को बेहतर शिक्षा और फुटबॉल के अवसर उपलब्ध
विश्व कप फाइनल का आयोजन 20 जुलाई को न्यू जर्सी में भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे होगा। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम के जरिए इस विशेष कार्यक्रम की घोषणा की। उन्होंने बताया, कि हाफटाइम शो का उद्देश्य फीफा ग्लोबल सिटिजन एजुकेशन फंड के समर्थन के साथ दुनिया भर के बच्चों को बेहतर शिक्षा और फुटबॉल के अवसर उपलब्ध कराने के अभियान को बढ़ावा देना है।
शिक्षा वैश्विक स्तर पर सबसे महत्वपूर्ण जरूरतों में से एक
इन्फेंटिनो ने कहा कि शिक्षा वैश्विक स्तर पर सबसे महत्वपूर्ण जरूरतों में से एक है और इस आयोजन के जरिए संगीत, फुटबॉल और सामाजिक जिम्मेदारी को एक साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि जस्टिन बीबर, मैडोना, शकीरा और बीटीएस जैसे कलाकार इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। इन प्रमुख कलाकारों के अलावा साइमन बोलिवर सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा, लॉस एंजिल्स फिलहारमोनिक के संगीत निर्देशक गुस्तावो डुडामेल, पीएस22 कोरस और कोल्डप्ले भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कोल्डप्ले के क्रिस मार्टिन इस विशेष कार्यक्रम की मेजबानी करेंगे।
आयोजन दुनिया भर के दर्शकों तक एकता और उम्मीद का संदेश पहुंचाने का माध्यम
फीफा अध्यक्ष ने कहा कि यह आयोजन दुनिया भर के दर्शकों तक एकता और उम्मीद का संदेश पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उनके अनुसार, यह कार्यक्रम फुटबॉल, संगीत और मानवीय मूल्यों का उत्सव होगा, जिसकी याद अंतिम सीटी बजने के बाद भी बनी रहेगी। इस बीच, फीफा विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के लिए आठ टीमों का चयन हो चुका है। अंतिम आठ चरण की शुरुआत 11 जुलाई को भारतीय समयानुसार सुबह 1:30 बजे फ्रांस और मोरक्को के मुकाबले से होगी।
क्वार्टर फाइनल में देखने को मिलेंगें बड़े मुकाबले
क्वार्टर फाइनल में स्पेन बनाम बेल्जियम, नॉर्वे बनाम इंग्लैंड और अर्जेंटीना बनाम स्विट्जरलैंड जैसे बड़े मुकाबले भी देखने को मिलेंगे। इन मैचों में किलियन म्बाप्पे, अशरफ हकीमी, लामिन यामल, रोमेलु लुकाकू, एर्लिंग हालैंड, हैरी केन और लियोनेल मेस्सी जैसे दिग्गज खिलाड़ी अपनी टीमों के लिए मैदान में उतरेंगे। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः ट्रंप ने भारत-पाक तनाव रोकने के दावे को दोहराया, कहा- परमाणु युद्ध का खतरा था