इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने फीफा विश्व कप के इत

हैरी केन ने तोड़ा पेले का विश्व कप गोल रिकॉर्ड, इंग्लैंड को दिलाई राउंड ऑफ 16 की टिकट

FIFA World Cup 2026

अटलांटा: इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने फीफा विश्व कप के इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा दिया। उन्होंने ब्राजील के दिग्गज पेले के विश्व कप गोलों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य के खिलाफ 2-1 की रोमांचक जीत में दो गोल दागे। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह पक्की कर ली।

शुरुआत में पिछड़ा इंग्लैंड

कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य ने मैच के सातवें मिनट में ही इंग्लैंड को बड़ा झटका दिया। ब्रायन सिपेंगा ने बाएं छोर से शानदार हमला करते हुए गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड को छकाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। थॉमस ट्यूशेल की टीम शुरुआती झटके से उबरने के लिए संघर्ष करती रही। कांगो के गोलकीपर लियोनेल म्पासी ने जूड बेलिंगहैम और मार्कस रैशफोर्ड के कई बेहतरीन प्रयासों को विफल कर इंग्लैंड को लंबे समय तक गोल से दूर रखा।

कांगो ने गंवाया बढ़त बढ़ाने का मौका

योआने विस्सा भी कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य की बढ़त दोगुनी करने के बेहद करीब पहुंचे, लेकिन उनका जोरदार शॉट पोस्ट से टकराकर लौट आया। इसी बीच हैरी केन की पेनल्टी की अपील को रेफरी ने खारिज कर दिया, जिससे इंग्लैंड की मुश्किलें और बढ़ गईं।

हैरी केन ने रची ऐतिहासिक वापसी

आखिरकार 75वें मिनट में हैरी केन ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इस गोल के साथ विश्व कप में उनके गोलों की संख्या 12 हो गई और उन्होंने पेले के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। पेले ने 16 विश्व कप मैचों में 12 गोल किए थे और तीन बार विश्व कप जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। इसके 11 मिनट बाद केन ने दूसरा गोल दागकर इंग्लैंड को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसी के साथ विश्व कप में उनके गोलों की संख्या 13 हो गई और उन्होंने पेले को पीछे छोड़ दिया।

केन की बदौलत बना नया इतिहास

ईएसपीएन यूके के अनुसार, इंग्लैंड ने 1966 विश्व कप फाइनल में जर्मनी को हराने के बाद पहली बार पुरुष विश्व कप में पहला गोल खाने के बावजूद कोई मुकाबला जीता है। ऐसे में केन की यह पारी इंग्लैंड के लिए ऐतिहासिक साबित हुई। इन दो गोलों के साथ टूर्नामेंट में केन के गोलों की संख्या पांच हो गई और वह गोल्डन बूट की दौड़ में लियोनेल मेस्सी से सिर्फ एक गोल पीछे हैं।

अब मैक्सिको से होगी भिड़ंत

पनामा के खिलाफ ग्रुप स्टेज मुकाबले में गैरी लाइनकर को पीछे छोड़कर इंग्लैंड के सर्वकालिक पुरुष विश्व कप शीर्ष स्कोरर बनने के बाद केन ने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली। वह अब प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में 20 गोल और इंग्लैंड के लिए 118 मैचों में 84 गोल कर चुके हैं। इंग्लैंड अब 5 जुलाई को एस्टाडियो एज्टेका में राउंड ऑफ 16 में सह-मेजबान मैक्सिको का सामना करेगा, जहां हैरी केन शानदार फॉर्म और नया इतिहास रचने के आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेंगे।

ANI

यह भी पढ़े: बेल्जियम ने दो गोल से पिछड़ने के बाद सेनेगल को 3-2 से हराया, अतिरिक्त समय में टिलेमैन्स बने हीरो