भारत की जीत के बाद बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे कुलदीप यादव और तिलक वर्मा
इंदौर: इंदौर में रविवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम की जीत के बाद भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव और टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा सोमवार सुबह धर्मनगरी उज्जैन पहुंचे। दोनों खिलाड़ी विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे।
भस्म आरती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद
जानकारी के अनुसार, दोनों खिलाड़ियों ने बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर आशीर्वाद लिया। क्रिकेटरों के उज्जैन पहुंचने की खबर से प्रशंसकों में उत्साह देखा गया। दर्शन के बाद दोनों खिलाड़ियों के नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल की आराधना करने की जानकारी भी सामने आई।
भारतीय टीम की सफलता के लिए की प्रार्थना
क्रिकेटर कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने बाबा महाकाल से भारतीय क्रिकेट टीम की सफलता की कामना की। भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव ने कहा कि भगवान महाकाल की कृपा जीवन में ऐसे ही बनी रहे। बाबा की कृपा से सभी को साथ लेकर क्रिकेट ही नहीं, बल्कि हर खेल में भारत आगे बढ़ता रहे, यही उनकी मनोकामना है। उन्होंने कहा कि अगला साल भारतीय टीम के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। कई बड़े मुकाबले आने वाले हैं और वर्ल्ड कप भी होना है। ऐसे में बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ेंगे, अच्छी क्रिकेट खेलेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ल्ड कप से पहले वे एक बार फिर बाबा महाकाल के दर्शन करने जरूर आएंगे।
ये भी पढ़ें: गुजरात पुलिस में पूर्व अग्निवीरों को बिना लिखित परीक्षा मिलेगी भर्ती, 20% आरक्षण रहेगा जारी