राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का ऐलान, तेजस्विन शंकर, दिव्या देशमुख समेत 17 खिलाड़ियों को अर्जुन
नई दिल्ली: केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी है। एथलीट तेजस्विन शंकर, शतरंज खिलाड़ी विदित गुजराती और दिव्या देशमुख समेत कई प्रमुख खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। बैडमिंटन की स्टार जोड़ी गायत्री गोपीचंद और ट्रीसा जॉली को भी अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर साल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संस्थाओं को सम्मानित करने के लिए दिए जाते हैं। मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर सरकार ने विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कारों की घोषणा की है। 'खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार' पिछले चार वर्षों के दौरान अच्छे प्रदर्शन के साथ नेतृत्व क्षमता, खेल भावना और अनुशासन का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को दिया जाता है।
इन खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार
अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), मोहम्मद अजमल वरियाथोडी (एथलेटिक्स), प्रियंका गोस्वामी (एथलेटिक्स), ट्रीसा जॉली (बैडमिंटन), गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), नरेंद्र (बॉक्सिंग), विदित संतोष गुजराती (शतरंज), दिव्या जितेंद्र देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (बधिर शूटिंग), लालरेम्सियामी (हॉकी), राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत (कबड्डी), पूजा (कबड्डी), रुद्रांश खंडेलवाल (पैराशूटिंग), एकता भ्यान (पैराशूटिंग), अरविंद सिंह (रोइंग) और अखिल शेरान (शूटिंग) शामिल हैं।
अरुमायगम को अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम
'खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम)' 2025 उन खिलाड़ियों को दिया जाएगा जिन्होंने अपने प्रदर्शन से खेलों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और सक्रिय खेल करियर से संन्यास लेने के बाद भी खेलों को बढ़ावा देने में योगदान जारी रखा है। पूर्व भारतीय फुटबॉलर और कोच अरुमायगम को फुटबॉल के लिए अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) से सम्मानित किया जाएगा।
पांच प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य पुरस्कार
खेलों में उत्कृष्ट प्रशिक्षकों को दिए जाने वाले द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए भी नामों की घोषणा की गई है। यह पुरस्कार उन प्रशिक्षकों को दिया जाता है जिन्होंने लगातार उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य किया है और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने में सक्षम बनाया है। नियमित श्रेणी में परवीर सिंह (एथलेटिक्स), छोटे लाल यादव (बॉक्सिंग) और नेहा नंदकुमार चव्हाण (शूटिंग) को द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलेगा। वहीं, धर्मेंद्र सिंह यादव (बॉक्सिंग) और वीरेंद्र कुमार (कुश्ती) को द्रोणाचार्य पुरस्कार की आजीवन श्रेणी से सम्मानित किया जाएगा।
आर्मी पैरालिंपिक नोड, पुणे को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार
'राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार' उन सार्वजनिक और निजी निगमों तथा गैर-सरकारी संगठनों को दिया जाता है, जिन्होंने खेलों के प्रचार और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस वर्ष आर्मी पैरालिंपिक नोड, पुणे को 'राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार' के लिए चुना गया है।
ऑनलाइन आवेदन के बाद हुआ चयन
इन पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संस्थाओं को एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं आवेदन करने की सुविधा दी गई थी। इस वर्ष पुरस्कारों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। इन आवेदनों पर न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने विचार किया। समिति में प्रख्यात खिलाड़ियों, खेल पत्रकारिता का अनुभव रखने वाले लोगों और खेल प्रशासकों को शामिल किया गया था।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: ऋषभ पंत ने रचा इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बने