भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने इटली में आयोजित ISS

नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, ISSF शॉटगन विश्व कप में जीता पहला स्वर्ण पदक

Neeru Dhanda Wins Historic First ISSF Shotgun World Cup Gold in Women's Trap

लोनाटो,(इटली)। भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने शनिवार को इटली के लोनाटो में आयोजित आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। यह नीरू का पहला व्यक्तिगत आईएसएसएफ विश्व कप स्वर्ण पदक है।

30 लक्ष्यों वाले फाइनल में 27 निशाने सफलतापूर्वक लगाए

Olympics.com के अनुसार, नीरू ने 30 लक्ष्यों वाले फाइनल में 27 निशाने सफलतापूर्वक लगाए और बेहद दबाव भरे मुकाबले में अपना धैर्य बनाए रखते हुए करियर की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की। इस जीत के साथ भारत ने इस आईएसएसएफ विश्व कप सत्र में अपना पहला व्यक्तिगत शॉटगन पदक जीता। वहीं, इस साल शॉटगन स्पर्धाओं में यह भारत का दूसरा पदक है।

125 में से 121 अंक हासिल किए

नीरू ने क्वालीफाइंग दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए 125 में से 121 अंक हासिल किए और पदक मुकाबले में जगह बनाई। आठ निशानेबाजों के फाइनल में उन्होंने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा और स्वर्ण पदक के लिए फ्रांस की पूर्व विश्व चैंपियन व ओलंपियन कैरोल कॉर्मेनियर को कड़ी चुनौती दी।

स्वर्ण पदक पर नीरू कब्जा

फाइनल मुकाबला आखिरी शॉट तक रोमांचक बना रहा। अंतिम दो शॉट से पहले दोनों निशानेबाज 25-25 अंकों के साथ बराबरी पर थीं। दबाव के क्षणों में कॉर्मेनियर चूक गईं, जबकि नीरू ने शानदार संयम दिखाते हुए 27 अंक हासिल किए और स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया। इटली की पूर्व जूनियर विश्व चैंपियन एरिका सेसा ने कांस्य पदक जीता।

सिल्वाना स्टैंको के लिए प्रतियोगिता निराशाजनक

पेरिस 2024 ओलंपिक की रजत पदक विजेता सिल्वाना स्टैंको के लिए घरेलू मैदान पर प्रतियोगिता निराशाजनक रही। खिताब की दावेदार मानी जा रहीं स्टैंको पदक दौर से बाहर होने वाली पहली निशानेबाज बनीं। नीरू का यह पहला व्यक्तिगत आईएसएसएफ विश्व कप पदक है। इससे पहले वह इसी वर्ष अल्माटी में आयोजित विश्व कप में विवान कुमार के साथ मिक्स्ड ट्रैप स्पर्धा में कांस्य पदक जीत चुकी हैं।

पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा भारतीय टीम के लिए अच्छी नहीं

महिला ट्रैप स्पर्धा में भारत की एक अन्य निशानेबाज मनीषा कीर भी हिस्सा ले रही थीं। उन्होंने शानदार प्रयास किया, लेकिन 10वें स्थान पर रहने के कारण फाइनल में पहुंचने से चूक गईं। पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा भारतीय टीम के लिए अच्छी नहीं रही। कोई भी भारतीय निशानेबाज पदक दौर तक नहीं पहुंच सका। एशियाई खेलों के पदक विजेता किनन चेनाई 71वें स्थान पर रहे, जबकि रैंकिंग पॉइंट्स के लिए हिस्सा ले रहे पृथ्वीराज टोंडाइमन 32वें स्थान के साथ भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ रहे। (एएनआई)

यह भी पढ़ेंः जय शाह ने गांगुली, अंजुम चोपड़ा और केविन पीटरसन को आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने पर दी बधाई