विंबलडन में बड़ा उलटफेर, ओसाका ने सबलेंका को हराकर पहली बार क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
लंदन (यूके)। चार बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन नाओमी ओसाका ने विंबलडन 2026 में बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व नंबर-1 आर्यना सबालेंका को सीधे सेटों में 6-2, 7-6 से हराकर पहली बार ऑल इंग्लैंड क्लब के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। सेंटर कोर्ट पर खेला गया यह मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक माना जा रहा है।
2018 यूएस ओपन सबालेंका के खिलाफ ओसाका को मिली थी पहली जीत
इस जीत के साथ ओसाका ने सबालेंका के खिलाफ लगातार तीन हार का सिलसिला भी खत्म कर दिया। इससे पहले वह इस साल बेलारूसी खिलाड़ी से तीन बार पराजित हो चुकी थीं, जिसमें फ्रेंच ओपन के चौथे दौर की हार भी शामिल थी। साथ ही, 2018 यूएस ओपन के बाद यह सबालेंका के खिलाफ उनकी पहली जीत रही।
इस सफलता ने कई रिकॉर्ड भी तोड़े
ओसाका की इस सफलता ने कई रिकॉर्ड भी तोड़ दिए। सबालेंका को 2020 यूएस ओपन के बाद पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम मुकाबले में सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, शीर्ष वरीय खिलाड़ी का लगातार 14 ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल में पहुंचने का सिलसिला भी समाप्त हो गया। वहीं, ओसाका ने 2019 में बीजिंग में एश बार्टी को हराने के बाद पहली बार किसी मौजूदा विश्व नंबर-1 खिलाड़ी को मात दी।
शुरुआत से ही ओसाका ने दिखाया आक्रामक खेल
इस मुकाबले में ओसाका ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। दमदार सर्विस और सटीक ग्राउंडस्ट्रोक्स की बदौलत उन्होंने पहले सेट में शुरुआती ब्रेक हासिल किया और 6-2 से आसानी से अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में सबालेंका ने कड़ी टक्कर दी और मुकाबला काफी रोमांचक रहा। हालांकि, ओसाका ने दबाव के क्षणों में शानदार संयम दिखाते हुए अपने खिलाफ मिले दोनों ब्रेक प्वाइंट बचाए। दोनों खिलाड़ियों के बीच कोई निर्णायक बढ़त नहीं बनने के कारण सेट टाई-ब्रेक में पहुंचा।
सेंटर कोर्ट पर यह ओसाका पहली जीत
टाई-ब्रेक में सबालेंका की लगातार गलतियों का ओसाका ने पूरा फायदा उठाया और 7-2 से जीत दर्ज करते हुए एक घंटे 28 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया। सेंटर कोर्ट पर यह उनकी पहली जीत भी रही, जिसके बाद उन्होंने रैकेट हवा में उठाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
पहली सर्विस की सफलता 87 प्रतिशत रहा
आंकड़ों पर नजर डालें तो ओसाका पूरे मैच में हावी रहीं। उनकी पहली सर्विस का सफलता प्रतिशत 87 रहा, जबकि सबालेंका 69 प्रतिशत पहली सर्विस ही कोर्ट में डाल सकीं। जापानी खिलाड़ी ने आठ ऐस लगाए, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी के खाते में पांच ऐस रहे। इसके अलावा ओसाका ने 21 विनर्स लगाए और पूरे मुकाबले में विश्व नंबर-1 खिलाड़ी को लय हासिल करने का मौका नहीं दिया।
ओसाका ने विंबलडन में शानदार वापसी की
बैड होम्बर्ग टूर्नामेंट में अपने करियर के पहले ग्रास-कोर्ट फाइनल तक पहुंचने के बाद चोट के कारण बाहर होने वाली ओसाका ने विंबलडन में शानदार वापसी की है। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना कैरोलिना मुचोवा से होगा, जिन्होंने मौजूदा चैंपियन बारबोरा क्रेज्सिकोवा को 7-5, 5-7, 6-3 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः एर्लिंग हालैंड के डबल स्ट्राइक से ब्राज़ील बाहर, नॉर्वे पहली बार विश्व कप क्वार्टर फाइनल में