एशियाई पैरा गेम्स: भाला फेंक में प्रदीप कुमार को सिल्वर, आयुष वर्मा ने जीता ब्रॉन्ज; सोनलबेन और प्रवीण भी चमके
आइची-नागोया: 2026 एशियाई पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को पैरा एथलीट प्रदीप कुमार और आयुष वर्मा ने पुरुषों की भाला फेंक एफ53/एफ54 स्पर्धा में क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते। वहीं, सोनलबेन पटेल ने पैरा टेबल टेनिस और प्रवीण शर्मा ने शॉट पुट में कांस्य पदक अपने नाम किया। पुरुषों की भाला फेंक एफ53/एफ54 स्पर्धा में प्रदीप कुमार ने 27.45 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करते हुए 901 रजा अंक हासिल किए और रजत पदक जीता। वहीं, आयुष वर्मा ने 17.88 मीटर के थ्रो के साथ 793 रजा अंक अर्जित कर कांस्य पदक अपने नाम किया। ईरान के इरफान बोंडोरी ने 30.24 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करते हुए 986 रजा अंक हासिल किए और स्वर्ण पदक जीता। दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीतने के दौरान अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इस तरह भारत ने इस स्पर्धा में दो पदक हासिल किए।
भाला फेंक में भारत का दूसरा दोहरा पदक
एशियाई पैरा गेम्स में भाला फेंक में भारत ने दूसरी बार दो पदक एक साथ जीते। इससे पहले सोमवार को पुरुषों की एफ46 स्पर्धा में रिंकू हुडा ने रजत और अजीत सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया था। भारतीय खिलाड़ियों के लगातार अच्छे प्रदर्शन से एथलेटिक्स स्पर्धाओं में देश की पदक तालिका को मजबूती मिली है। पैरा टेबल टेनिस में भारतीय खिलाड़ी सोनलबेन पटेल ने महिला एकल वर्ग-3 में कांस्य पदक जीता। सेमीफाइनल में उन्हें दक्षिण कोरिया की यून जियू के खिलाफ 7-11, 5-11 और 6-11 से हार का सामना करना पड़ा। मंगलवार को पैरा टेबल टेनिस में भारत का यह दूसरा पदक रहा। इससे पहले भाविना पटेल ने भी कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया था।
प्रवीण शर्मा ने शॉट पुट में बनाया व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड
भारतीय पैरा एथलीट प्रवीण शर्मा ने पुरुषों की शॉट पुट एफ11 स्पर्धा में 13.86 मीटर का थ्रो करके कांस्य पदक जीता। उन्होंने अपने छठे और अंतिम प्रयास में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और पोडियम पर जगह बनाई। ईरान के अमीरहोसेन अलीपुर ने 14.99 मीटर के थ्रो के साथ एशियाई रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता, जबकि महदी ओलाद ने रजत पदक हासिल किया। इस तरह भारतीय खिलाड़ियों ने भाला फेंक, पैरा टेबल टेनिस और शॉट पुट में पदक जीतकर एशियाई पैरा गेम्स में देश का शानदार प्रदर्शन जारी रखा।
ये भी पढ़ें: बेटे को बचाने पहुंची मां की चाकू लगने से मौत, नजफगढ़ में एक आरोपी गिरफ्तार; दो की तलाश जारी