पंजाब में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक हॉकी एशियन चैंप

पंजाब में 27 अक्टूबर से हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, भारत-पाकिस्तान मैच 1 नवंबर को

Punjab to Host Asian Champions Trophy, India-Pakistan Match on November 1

चंडीगढ़ (पंजाब)। चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को 'हीरो मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026' की तारीखों का आधिकारिक ऐलान किया। प्रतिष्ठित महाद्वीपीय टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होगा। टूर्नामेंट की मेज़बानी मोहाली और जालंधर संयुक्त रूप से करेंगे, जिससे पंजाब में अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी होगी।

जालंधर में होंगे लीग स्टेज के मुकाबले

टूर्नामेंट के मैच जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम और मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जालंधर में उद्घाटन समारोह के साथ सभी लीग-स्टेज मैच आयोजित होंगे। इसके बाद 4 नवंबर को सेमीफाइनल और 5 नवंबर को फाइनल मोहाली में खेला जाएगा।

भारत और पाकिस्तान समेत छह टीमें

टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, चीन और जापान की टीमें हिस्सा लेंगी। ओमान और बांग्लादेश को रिजर्व टीमें रखा गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 'X' पर पोस्ट कर बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 1 नवंबर को शाम 7 बजे जालंधर में खेला जाएगा।

सभी मैचों में एंट्री रहेगी फ्री

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने युवाओं को खेल के मैदानों से जोड़ने के उद्देश्य से सभी मैचों में प्रवेश पूरी तरह मुफ्त रखा है। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब पहली बार अपनी धरती पर इतने बड़े स्तर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेज़बानी कर रहा है।

पंजाब की हॉकी विरासत पर मुख्यमंत्री ने जताया गर्व

भगवंत मान ने कहा कि 'हीरो मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026' पंजाब के लिए केवल हॉकी टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि यह उस खेल की भावनात्मक वापसी है, जिसने भारतीय हॉकी के कई नायकों की पीढ़ियों को तैयार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार इसे खिलाड़ियों, दर्शकों और हॉकी प्रेमियों के लिए यादगार आयोजन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

एशिया की शीर्ष टीमों के लिए बड़ा मंच

हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति के मुताबिक, हीरो मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी एशियन हॉकी फेडरेशन के कैलेंडर के प्रमुख आयोजनों में शामिल है। यह महाद्वीप की शीर्ष टीमों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का मंच उपलब्ध कराता है। 2026 का संस्करण भारत और एशिया के हॉकी प्रशंसकों का ध्यान आकर्षित करने के साथ पंजाब की हॉकी विरासत को भी प्रदर्शित करेगा।

दो प्रमुख हॉकी स्टेडियमों में होगा आयोजन

मोहाली और जालंधर जैसे दो प्रमुख हॉकी केंद्रों में टूर्नामेंट की मेज़बानी को पंजाब के महान खिलाड़ियों की विरासत के उत्सव के रूप में भी देखा जा रहा है। आयोजन के जरिए हॉकी में पंजाब के योगदान को सामने लाने और राज्य की प्रमुख हॉकी केंद्र के रूप में स्थिति को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।

हॉकी इंडिया ने पंजाब सरकार का जताया आभार

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि पंजाब की हॉकी विरासत शानदार रही है और उन्हें खुशी है कि मोहाली और जालंधर एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की मेज़बानी करेंगे। उन्होंने पंजाब सरकार के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी टूर्नामेंट के आयोजन में सहयोग के लिए पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मोहाली और जालंधर अपने हॉकी कल्चर के साथ एशिया की शीर्ष टीमों के लिए प्रेरणादायक मंच उपलब्ध कराएंगे।

यह भी पढ़ें:   दिशा सालियन मौत मामले में CBI FIR में आदित्य ठाकरे समेत अन्य के नाम, वकील का दावा