पीवी सिंधु की शानदार जीत, आर्कटिक ओपन के क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
वांटा [फिनलैंड]: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने गुरुवार को फिनलैंड के वांटा में जापान की रिको गुंजी को सीधे गेमों में हराकर आर्कटिक ओपन 2026 के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
49 मिनट में सिंधु ने दर्ज की जीत
छठी वरीयता प्राप्त सिंधु ने बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 49 मिनट में गुंजी को 21-15, 21-15 से हराया। Olympics.com के अनुसार, क्वार्टर फाइनल में उनका सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त और पूर्व विश्व चैंपियन थाईलैंड की रत्चानोक इंतानोन से होगा।
पहले गेम में लगातार छह अंक जीतकर बनाई बढ़त
पहले गेम में सिंधु और जापान की रिको गुंजी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों खिलाड़ी एक समय 15-15 की बराबरी पर थीं। इसके बाद सिंधु ने अपना खेल बेहतर करते हुए लगातार छह अंक हासिल किए और पहला गेम 21-15 से जीत लिया।
दूसरे गेम में भी सिंधु का दबदबा
दूसरे गेम में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला बराबरी का रहा। स्कोर 13-13 होने के बाद सिंधु ने तेजी दिखाई और अगले 10 में से 8 अंक जीतकर गेम 21-15 से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ उन्होंने सीधे गेमों में मुकाबला खत्म करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।
श्रीकांत और प्रणॉय पहले दौर में हुए बाहर
इससे पहले, विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणॉय को आर्कटिक ओपन 2026 के पुरुष एकल मुकाबलों के पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा। विश्व रैंकिंग में 31वें स्थान पर काबिज श्रीकांत ने कनाडा के 34वीं रैंकिंग वाले ब्रायन यांग के खिलाफ पहला गेम 21-15 से जीता। हालांकि, इसके बाद यांग ने वापसी करते हुए अगले दोनों गेम 21-15 और 21-13 से जीत लिए। इस तरह श्रीकांत को 15-21, 21-15, 21-13 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, विश्व रैंकिंग में 38वें स्थान पर मौजूद प्रणॉय चौथी वरीयता प्राप्त डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए। एंटोनसेन ने उन्हें 21-10, 21-9 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
(एएनआई)
ये भी पढ़ें: लियोनेल मेस्सी के अंतरराष्ट्रीय संन्यास पर पत्नी एंटोनेला रोकुज़ो का भावुक संदेश