आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में भारत ने बांग्लादेश

शेफाली के अर्धशतक और गेंदबाजों के दम पर भारत ने बांग्लादेश को हराया, सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार

Shafali Verma's Fifty and Bowlers Shine as India Beat Bangladesh

मैनचेस्टर,(यूके)। में गुरुवार को खेले गए, आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के अहम ग्रुप मुकाबले में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को पांच विकेट से हराकर नॉकआउट चरण की दौड़ में खुद को मजबूती से बनाए रखा। इस जीत में शेफाली वर्मा की तेज़ अर्धशतकीय पारी और राधा यादव तथा श्री चरानी की प्रभावशाली गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई।

भारत ने जीते चार मैचों में तीन जीत

इस जीत के बाद भारत के चार मैचों में तीन जीत और एक हार के साथ छह अंक हो गए हैं। टीम ग्रुप ए की अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। शीर्ष पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया अपने सभी मुकाबले जीत चुका है, जबकि दक्षिण अफ्रीका भी सेमीफाइनल की दौड़ में मजबूत दावेदार बना हुआ है। भारत का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा, जिसके नतीजे के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर और स्पष्ट होगी।

बांग्लादेश ने  आठ विकेट खोकर बनाए 136 रन

पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 136 रन बनाए। जुएरिया फरदौस ने 33 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि शोभना मोस्तारी ने 22 रन जोड़े। कप्तान निगार सुल्ताना ने भी 32 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में योगदान दिया। भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में शानदार वापसी की। राधा यादव ने तीन विकेट झटके, जबकि श्री चरानी ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। रेणुका ठाकुर और नंदनी शर्मा को भी एक-एक सफलता मिली।

शेफाली वर्मा ने बनाए 34 गेंदों में 53 रन

137 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और स्मृति मंधाना जल्द आउट हो गईं। इसके बाद शेफाली वर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 34 गेंदों में 53 रन बनाए। यस्तिका भाटिया ने भी 23 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 45 रन जोड़े। हालांकि मध्यक्रम में भारत ने कुछ तेज़ विकेट गंवाए और स्कोर 98/4 हो गया, लेकिन जेमिमा रोड्रिग्स ने 26 रन की तेज़ पारी खेलकर दबाव कम किया। अंत में कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने संयम दिखाते हुए टीम को 19 गेंद शेष रहते जीत दिला दी।

श्री चरानी के नाम सर्वाधिक विकेट लेने का नया रिकॉर्ड

इस मुकाबले में श्री चरानी ने एक ही महिला टी20 विश्व कप संस्करण में भारत की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने का नया रिकॉर्ड बना दिया। बांग्लादेश के खिलाफ दो विकेट लेने के साथ उन्होंने पूनम यादव का पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। चरानी अब इस टूर्नामेंट में चार मैचों में 12 विकेट हासिल कर चुकी हैं और फिलहाल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 19 रन देकर चार विकेट रहा है। इससे पहले भारत के लिए एक संस्करण में सबसे ज्यादा 10 विकेट लेने का रिकॉर्ड पूनम यादव के नाम था। (एएनआई)

यह भी पढ़ेंः इक्वाडोर ने जर्मनी को हराकर रचा इतिहास, राउंड ऑफ 32 में बनाई जगह