ग्रेटर नोएडा के जयपी ग्रीन्स गोल्फ एंड स्पा रिजॉर्

कपिल देव इनविटेशनल में शुभंकर शर्मा ने बनाई चार शॉट की बढ़त

शुभंकर ने बनाई चार शॉट की बढ़त

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के जयपी ग्रीन्स गोल्फ एंड स्पा रिज़ॉर्ट में आयोजित 2 करोड़ रुपये के कपिल देव इनविटेशनल टूर चैंपियनशिप के दूसरे दौर में शुभंकर शर्मा ने सात अंडर 65 का स्कोर बनाकर चार शॉट की बढ़त हासिल कर ली है। 30 वर्षीय चंडीगढ़ के गोल्फर (68-65) ने एक ईगल, सात बर्डी और दो बोगी लगाकर 11 अंडर 133 का स्कोर बनाया। डीपी वर्ल्ड टूर पर दो बार के विजेता शुभंकर ने अप्रैल में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के बोल्डर्स क्लासिक में जीत हासिल करके आठ साल के पेशेवर खिताब के इंतजार को समाप्त किया था।

शुभंकर शीर्ष पर कायम, ब्रह्मवरपाल दूसरे स्थान पर पहुंचे

चंडीगढ़ के ब्रह्मवरपाल सिंह (72-65) ने शुभंकर के साथ दिन का सबसे कम स्कोर बनाया। सात अंडर के 65 के स्कोर में आठ बर्डी और एक बोगी शामिल थी, जिससे वे रात भर संयुक्त 11वें स्थान से छलांग लगाते हुए सात अंडर 137 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए। रात भर के शीर्ष पर रहे दिल्ली के शौर्य भट्टाचार्य (66-72) तीन बर्डी और तीन बोगी वाले 72 के स्कोर के बाद छह अंडर 138 के साथ तीसरे स्थान पर फिसल गए। बेंगलुरु के खालिन जोशी (72-67), जो इस सीज़न में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में चार बार के विजेता रहे हैं, संयुक्त 11वें स्थान से चढ़कर पांच अंडर 139 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गए। उनके 67 के स्कोर में पार-पांच चौथे होल पर एक ईगल, पांच बर्डी और दो बोगी शामिल थीं। जोशी ने रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में दूसरे स्थान पर रहते हुए सप्ताह की शुरुआत की थी। शुभंकर हाल के हफ्तों में अपने खेल के विभिन्न पहलुओं को एक साथ लाने के लिए संघर्ष करने के बाद गेंद पर अपने नियंत्रण से विशेष रूप से उत्साहित थे।

शानदार बॉल-स्ट्राइकिंग से खुश शुभंकर

उन्होंने कहा, मैंने वास्तव में अच्छा खेला और पूरे राउंड में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। पिछले कुछ हफ्तों से मेरी बॉल-स्ट्राइकिंग उतनी अच्छी नहीं रही थी, हालांकि मेरे खेल में कोई बड़ी खामी नहीं थी। आज सब कुछ ठीक रहा। मैंने बॉल को बिल्कुल वहीं मारा जहां मैं चाहता था, दोनों तरफ शॉट को सही आकार दिया और पूरा नियंत्रण महसूस किया। मैं कुछ और पुट डाल सकता था, लेकिन मैं आज के प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। शुभंकर के राउंड का सबसे शानदार पल पार-पांच चौथे होल पर आया। ड्राइव से फेयरवे के बाएं हिस्से में पहुंचने के बाद उन्होंने लगभग 212 गज की दूरी से छह-आयरन शॉट लगाया जो 18 फीट की दूरी पर जाकर रुका और ईगल पुट को सफलतापूर्वक डाल दिया।

शुभंकर ने प्रदर्शन पर जताई खुशी

उन्होंने कहा, पुट बस बाएं किनारे को छूकर निकल गया। मेरे ज्यादातर शॉट ठीक वैसे ही लगे जैसा मैंने सोचा था और यही सबसे उत्साहजनक बात थी। शुभंकर ने पूरे राउंड में मौके बनाते रहे, जिसमें आखिरी होल भी शामिल था, जहां उन्होंने अपना अप्रोच शॉट लगभग पांच फीट की दूरी पर मारा लेकिन बर्डी पुट चूक गए। उन्होंने कहा, आज ऐसे कई शॉट थे। ये इस टूर्नामेंट के लिए और अगले हफ्ते की मेरी तैयारियों के लिए भी सकारात्मक संकेत हैं। शुभंकर ने पीजीटीआई के विकास में योगदान के लिए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव की भी प्रशंसा की। शुभंकर ने कहा, जब से कपिल देव अध्यक्ष बने हैं, प्रायोजकों की संख्या बढ़ी है। साथ ही संगठन सोशल मीडिया और खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं लगातार बेहतर होती जा रही हैं। खिलाड़ियों के लिए लाउंज की शुरुआत टूर में हुए कई सकारात्मक बदलावों में से एक है। शुभंकर ने कहा कि चंडीगढ़ से उनके जुड़ाव के कारण उनकी बातचीत बेहद आसान हो जाती है।

शुभंकर ने कपिल देव की सराहना की

उन्होंने कहा, भारत के सबसे बड़े खेल दिग्गजों में से एक होने के बावजूद, वे लगातार गोल्फ को बढ़ावा देने और खेल को आगे बढ़ाने के तरीके खोजते रहते हैं। चंडीगढ़ में हर कोई उन्हें 'पाजी' कहकर बुलाता है, इसलिए उनसे बात करना बहुत सहज लगता है। खेल के लिए वे जो कुछ भी कर रहे हैं, उसके लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है। पिछले सीज़न के डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता युवराज संधू (71-69) चार अंडर 140 के स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहे। रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के मौजूदा लीडर सप्तक तलवार (75-72) संयुक्त 36वें स्थान से संयुक्त 31वें स्थान पर तीन ओवर 147 के स्कोर के साथ पहुंचे। गुरुवार को आयोजित प्रो-एम प्रतियोगिता पेशेवर शुभंकर शर्मा और शौकिया खिलाड़ी राजीव गुप्ता की टीम ने जीती। उनका स्कोर 48 स्टेबलफोर्ड पॉइंट्स था। 

(इनपुट: ANI)

ये भी पढ़ें - सांसद अनूप प्रधान के नाम पर 11 लाख की ठगी का आरोप, पुलिस से शिकायत