मेस्सी ने अर्जेंटीना की जीत का मनाया जश्न, बोले- यह टीम कभी हार नहीं मानती
कैनसस सिटी,(अमेरिका)। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेस्सी ने फीफा विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड के खिलाफ मिली रोमांचक जीत के बाद अपनी टीम के जुझारूपन की जमकर तारीफ की। मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने अतिरिक्त समय तक चले मुकाबले में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
मेस्सी ने इंस्टाग्राम पर मैच की तस्वीरें की साझा
कैनसस सिटी में खेले गए मुकाबले के बाद मेस्सी ने इंस्टाग्राम पर मैच की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "एक बार फिर हमें कड़ी मेहनत करनी पड़ी, लेकिन यह टीम कभी हार नहीं मानती। हम दुनिया के शीर्ष चार में वापस आ गए हैं। चलो आगे बढ़ो।"
दूसरे हाफ में स्विट्जरलैंड की शानदार वापसी
कड़े मुकाबले में अर्जेंटीना ने शुरुआत में बढ़त बनाई। टीम के कप्तान मेस्सी की कॉर्नर किक पर एलेक्सिस मैक एलिस्टर ने 10वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। हालांकि, दूसरे हाफ में स्विट्जरलैंड ने शानदार वापसी की और 67वें मिनट में डैन न्दोये ने रिकार्डो रोड्रिगेज के पास पर गोल कर स्कोर बराबर कर दिया।
स्विस टीम ने दी कड़ी चुनौती
मुकाबले में एक समय स्विट्जरलैंड मजबूत स्थिति में नजर आया, लेकिन ब्रेल एम्बोलो को दूसरी बार फाउल करने पर रेड कार्ड मिलने के बाद अर्जेंटीना को बढ़त बनाने का मौका मिला। इसके बावजूद स्विस टीम ने अतिरिक्त समय तक कड़ी चुनौती पेश की। आखिरकार 112वें मिनट में जूलियन अल्वारेज़ ने बॉक्स के बाहर से शानदार शॉट लगाकर अर्जेंटीना को बढ़त दिलाई। इसके बाद लोटारो मार्टिनेज ने अंतिम क्षणों में रिबाउंड पर गोल कर टीम की जीत पक्की कर दी।
मुकाबले में मेस्सी की अहम भूमिका
इस मुकाबले में मेस्सी ने एक बार फिर अहम भूमिका निभाई। उन्होंने मैक एलिस्टर के गोल में असिस्ट किया, जो विश्व कप इतिहास में उनका 10वां असिस्ट था। इसके साथ ही उन्होंने 1966 के बाद विश्व कप में सबसे ज्यादा असिस्ट करने के अपने रिकॉर्ड को और मजबूत किया। उनके 10 विश्व कप असिस्ट 10 अलग-अलग खिलाड़ियों के नाम हैं, जबकि डिएगो माराडोना के नाम आठ असिस्ट दर्ज हैं।
10 से अधिक गोल का आंकड़ा हासिल
आठ बार बैलोन डी'ओर जीत चुके मेस्सी ने इस टूर्नामेंट में गोल और असिस्ट मिलाकर 10 से अधिक गोल योगदान का आंकड़ा भी हासिल कर लिया है। 2022 के बाद यह दूसरी बार है जब उन्होंने एक ही विश्व कप में यह उपलब्धि हासिल की है। 1966 के बाद वह फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे के साथ ऐसे खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने एक से अधिक विश्व कप में 10 या उससे ज्यादा गोल योगदान दिए हैं।
अर्जेंटीना की नजरें फाइनल पर
अर्जेंटीना की यह जीत उसे पिछले चार विश्व कप संस्करणों में तीसरी बार सेमीफाइनल तक ले गई है। टीम 2014 में भी अंतिम चार में पहुंची थी और 2022 में खिताब जीतने में सफल रही थी। अब अर्जेंटीना की नजरें फाइनल में जगह बनाने पर हैं, जहां उसका सामना इंग्लैंड से होगा। मौजूदा चैंपियन टीम 1962 के बाद लगातार दो विश्व कप खिताब जीतने वाली पहली टीम बनने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, ISSF शॉटगन विश्व कप में जीता पहला स्वर्ण पदक