कप्तान एलिसा हीली के बेशकीमती शतक की बदौलत ऑस्ट्रे

भारत की महिला विश्वकप में लगातार दूसरी पराजय

भारत की महिला विश्वकप में लगातार दूसरी पराजय 

आस्ट्रेलिया ने भारत को तीन विकेट से हराया, पहुंचा शीर्ष पर

विशाखापट्टनम।

कप्तान एलिसा हीली के बेशकीमती शतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत को तीन विकेट से हरा दिया। टूर्नामेंट में भारत की ये लगातार दूसरी हार है।  ऑस्ट्रेलिया ने विशाखापट्टनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत को तीन विकेट से हराकर महिला वनडे विश्व कप 2025 की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।  इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट में अब तक अजेय बनी हुई है। वहीं, लगातार दूसरी हार के बाद भारतीय टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर फिसल गयी है। हालांकि इस हार के बावजूद टीम इंडिया टॉप-4 में बनी हुई है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराया था। 

भारतीय महिला टीम और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम के बीच महिला वनडे वर्ल्ड कप का मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम को जीत के लिए 331 रनों का टारगेट दिया था। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने 49वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया। 

विशाखापट्टनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम पर आयोजित हुए आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 के मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय महिला टीम की दोनों ओपनर्स प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 24.2 ओवर में 155 रनों का विशाल पार्टनरशिप कर डाली। स्मृति मंधाना ने 66 गेंदों में सर्वाधिक 88 रनों की पारी खेली। वहीं, प्रतिका रावल ने 75 रनों की पारी खेलकर अच्छा प्रदर्शन किया।

मंधाना और प्रतिका के अलावा हरलीन देओल ने 38 रन, रिचा घोष ने 22 गेंदों में 32 रन, जेमिमा ने 21 गेंदों में 33 रन और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 17 गेंदों में 22 रनों का योगदान दिया, जिनके दम पर भारतीय टीम का स्कोर 48.5 ओवर में ऑल-आउट होने से पहले 330 रन तक जा पहुंचा। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एनाबेल सदरलैंड ने 40 रन देकर 5 विकेट झटके।

आस्ट्रेलिया की टीम का लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत अच्छी नहीं रही। ऑस्ट्रेलिया को 85 रन के स्कोर पर 12वें ओवर में पहला झटका लगा, लेकिन ओपनर व कप्तान एलिसा हीली किसी और ही मूड में पिच पर उतरी थीं। हीली ने 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और कुछ ही समय में उन्होंने 84 गेंदों में शतक लगा दिया। वो 38.5 ओवर तक टिकी रहीं और 107 गेंदों में 142 रनों की धुआंधार पारी खेल डाली। उनकी इस पारी में 21 चौके और 3 छक्के शामिल थे। अंत में एश्ले गार्डनर ने 46 गेंदों में 47 रन बनाए जिससे ऑस्ट्रेलिया ने एक ओवर पहले यानी 49 ओवर में ही सिर्फ 7 विकेट खोते हुए 331 रनों का विशाल टारगेट हासिल करके ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान एलिसा हीली ने शानदार फार्म को जारी रखते हुए 142 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि फोबे लिचफील्ड (40), एलिस पेरी (47*) और एशले गार्डनर (45) ने अहम योगदान दिया। पेरी चोटिल होकर बीच में रिटायर्ड हर्ट हो गई थीं, लेकिन उन्होंने टीम के संकट के समय लौटकर ऑस्ट्रेलिया को लक्ष्य तक पहुंचाने में मदद की। ऑस्ट्रेलिया ने इसी के साथ महिला वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़े लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल करने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड श्रीलंका के नाम था जब उन्होंने 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे मैच में 302 रनो का लक्ष्य हासिल किया था।

मैच में टीम इंडिया को हार तो मिली लेकिन उसने वनडे विश्व कप इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर (330 रन) बनाया। हालांकि ऑस्ट्रेलिया ने इसको भी चेज करके एक नया रिकॉर्ड स्थापित करने में सफलता दर्ज की। कुल मिलाकर दोनों टीमों की तरफ से इस मैच में 661 रन बने जो महिला वनडे क्रिकेट इतिहास के किसी मैच में तीसरा सबसे बड़ी संख्या में रनों का रिकॉर्ड है।

भारत आस्ट्रेलिया मैच में महिला वनडे विश्व कप मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का विश्व रिकॉर्ड भी बन गया। भारत और ऑस्ट्रेलिया ने मिलकर इस मैच में 13 छक्के लगाए। भारत की तरफ से 7 छक्के लगे, जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 6 छक्के लगाए।