हैदराबाद में विश्व कप का बुखार छाया हुआ है, याप्रा

हैदराबाद में छाया विश्व कप का बुखार, जेजे नगर कॉलोनी में फुटबॉल के दिग्गजों के लगे पोस्टर

जेजे नगर कॉलोनी में फुटबॉल के दिग्गजों के लगे पोस्टर

हैदराबाद,(तेलंगाना)। हैदराबाद के याप्राल में स्थित जेजे नगर कॉलोनी की गलियों में  क्रिस्टियानो रोनाल्डो, लियोनेल मेस्सी और नेमार जूनियर जैसे फुटबॉल के दिग्गजों की तस्वीरों, बैनरों और पोस्टरों से पूरी तरह सजी हुई हैं। विश्व कप शुरू होने के साथ ही पूरी कॉलोनी में उत्सव जैसा माहौल हो गया है। स्थानीय प्रशंसक शद्रक के लिए, ये पोस्टर उनके आदर्श के लिए प्रेम तो हैं ही, साथ ही उन्हें एक बड़े सपने की याद दिलाता है, जो भारत को विश्व मंच पर देखना हैं।

सबसे ऊपर मेरा देश भारत 

शद्रक ने कहा, कि वह इस विश्व कप में पुर्तगाल का समर्थन कर रहे हैं क्योंकि उनके पसंदीदा खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं। उन्होंने कहा, “अर्जेंटीना को माराडोना ने पहचान दिलाई, ब्राजील को पेले ने, जबकि पुर्तगाल की पहचान आज क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं। इसी वजह से मैं पुर्तगाल का समर्थन करता हूं और चाहता हूं कि इस बार वही विश्व कप जीते।” हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया, कि उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता भारत है। शद्रक ने कहा, “मेरी सबसे बड़ी इच्छा है, कि भारत फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई करे। मैं चाहता हूं, कि हैदराबाद और पूरे देश के खिलाड़ी अगले विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करें, ताकि हम अपने ही देश का समर्थन कर सकें।” उन्होंने आगे कहा, “मुझे ब्राजील, अर्जेंटीना या पुर्तगाल के झंडों से ज्यादा खुशी उस दिन होगी, जब भारत विश्व कप में खेलेगा। मेरे लिए सबसे ऊपर मेरा देश भारत है और मैं सिर्फ तिरंगा लहराना चाहता हूं।”

फुटबॉल खेलना है बेहद पसंद

जवाहर सॉकर क्लब के सदस्य और स्थानीय निवासी अजीत ने भी अपने पसंदीदा खिलाड़ी की वापसी को लेकर उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं ब्राजील का समर्थन करता हूं, क्योंकि मेरे आदर्श नेमार जूनियर हैं। उनकी स्किल, ड्रिब्लिंग और खेल का अंदाज उन्हें दुनिया के सबसे खास खिलाड़ियों में शामिल करता है। ब्राजील की टीम हमेशा से महान खिलाड़ियों की टीम रही है, इसलिए मैं उसका समर्थक हूं और फुटबॉल खेलना भी मुझे बेहद पसंद है।” अजीत ने आगे कहा, “करीब तीन साल बाद नेमार जूनियर को फिर मैदान पर खेलते देखना हमारे लिए किसी उत्सव से कम नहीं है। इसी खुशी में हम यहां जश्न मना रहे हैं। हमारे बीच ऐसे कई लोग हैं जो ब्राजील, अर्जेंटीना और पुर्तगाल जैसी अलग-अलग टीमों का समर्थन करते हैं।”

खिलाड़ियों का सपना एक-भारत फीफा विश्व कप के लिए करे क्वालीफाई

फिलहाल, याप्राल की गलियां अलग-अलग देशों की जर्सियों और फुटबॉल के रंग में रंगी हुई हैं। हालांकि समर्थकों की पसंद अलग-अलग है, लेकिन जवाहर सॉकर क्लब के युवा खिलाड़ियों का सपना एक ही है—एक दिन भारत फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई करे और दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल मंच पर तिरंगा शान से लहराता हुआ दिखाई दे। (एएनआई)

यह भी पढ़ेंः पैराग्वे ने ऐतिहासिक उलटफेर करते हुए पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी को हराया