औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराया टोटो; एक ही परिवार के 10 लोग घायल
औरंगाबाद,(बिहार)। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए। हादसे में 4 मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बारुण थाना क्षेत्र के जोगिया और प्रीतमपुर गांव के बीच देर रात वलीमा समारोह से लौट रहे बारातियों से भरा एक टोटो तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए और सभी सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने सभी घायलों को एंबुलेंस से पहुंचाया सदर अस्पताल
जानकारी के अनुसार, रोहतास जिले के अकोढ़ी गोला निवासी परिवार के लोग औरंगाबाद शहर के अलीनगर में वलीमा समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह खत्म होने के बाद सभी लोग एक ही टोटो पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल औरंगाबाद लाया गया।
बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल गयाजी रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल गयाजी रेफर कर दिया गया। घायलों में साजिया खातून 35 वर्ष, राबिया खातून 40 वर्ष, जुनैद 13 वर्ष, मो अख्तर 42 वर्ष, कैफ 4 वर्ष, मो कासिम 40 वर्ष, साबिर 10 वर्ष, अफजल 8 वर्ष समेत कुल 10 लोग शामिल हैं। सभी रोहतास के अकोढ़ी गोला के रहने वाले हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि 4 सवारियों की क्षमता वाले टोटो पर 10 लोग सवार थे।
ओवरलोडिंग को हादसे की बड़ी वजह
औरंगाबाद से अकोढ़ी गोला की दूरी करीब 45 किमी है और हाईवे पर टोटो का चलना पहले से ही जोखिम भरा है। ओवरलोडिंग को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। सूचना मिलते ही बारुण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः कोरबा में तेज रफ्तार ट्रेलर ने मवेशियों को रौंदा, 6 गायों की मौत; ग्रामीणों ने चालक को पकड़ा