बहराइच में कंबाइन की चपेट में आने से 10 वर्षीय आरुष की मौत, चालक फरार
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। जनपद बहराइच के रुपईडीहा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय बालक की जान चली गई। बकसी गांव के दाखिला शंकरपुर में धान की कटाई कर रही कंबाइन की चपेट में आने से बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक का माहौल है।
खेत में फसल देखने गया था आरुष
मिली जानकारी के अनुसार, बकसी गांव निवासी रामनिवास का 10 वर्षीय बेटा आरुष गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे जुम्मन अली के खेत के पास अपनी फसल देखने गया था। इसी दौरान खेत में यूपी 26 एएल 7356 नंबर की कंबाइन मशीन से धान की कटाई की जा रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान आरुष कंबाइन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस ने कंबाइन कब्जे में ली
घटना के बाद कंबाइन चालक कथित तौर पर मशीन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बाबागंज चौकी प्रभारी मानवेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कंबाइन मशीन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
चाचा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
मृतक आरुष के चाचा मनोज कुमार ने रुपईडीहा थाने में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस मासूम के घर लौटने का इंतजार था, वहां उसकी मौत की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य सदस्य गिरफ्तार