सुल्तानपुर में एसटीएफ और बंधुआकला पुलिस ने संयुक्त

सुल्तानपुर में 104 किलो गांजा बरामद, एसटीएफ और पुलिस की कार्रवाई में तस्कर गिरफ्तार

104 Kg Ganja Seized in Sultanpur, Drug Smuggler Arrested

सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को STF लखनऊ और थाना बंधुआकला पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर डेरा बसी ढाबा के सामने कार्रवाई करते हुए 104 किलोग्राम अवैध गांजा और उसे परिवहन में प्रयुक्त छह टायर वाले आयसर डीसीएम वाहन के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया।

अभियान के तहत अयोध्या निवासी आरोपी पकड़ा गया

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती चारु निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विजय पाल (37) पुत्र रामकिसन, निवासी ग्राम नियाजपुर भदार, थाना हैदरगंज, जनपद अयोध्या के रूप में हुई है।

तीन बोरियों में छिपाकर रखा था 104 किलो गांजा

तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन बोरियों में टेप से पैक किए गए कुल 52 पैकेटों में 104 किलोग्राम अवैध गांजा, एक आयसर डीसीएम वाहन (संख्या UP42CT7793), आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा एक विवो मोबाइल फोन बरामद किया। इस मामले में थाना बंधुआकला पर मु0अ0सं0 144/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुराने आपराधिक मामलों की जांच, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में रायबरेली और मैनपुरी जनपदों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किस नेटवर्क के माध्यम से की जानी थी। पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है। संयुक्त कार्रवाई में STF लखनऊ की टीम के साथ थाना बंधुआकला के थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। 

यह भी पढ़ें:   नरसिंहपुर में 5 मौतों का खुलासा, हाईवा से कुचलकर हत्या के मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार