बिहार में पेंशन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट

बिहार में पेंशनधारियों को बड़ी सौगात, 1.08 करोड़ लाभार्थियों के खातों में 1237 करोड़ रुपये ट्रांसफर

बिहार में 1.08 करोड़ पेंशनधारियों को मिली पेंशन

औरंगाबाद: शनिवार को 'पेंशन दिवस' के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के लाखों पेंशनधारियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की राशि का हस्तांतरण किया। इस दौरान पूरे बिहार के कुल 1 करोड़ 8 लाख 36 हजार 5 लाभार्थियों के बैंक खातों में 1237.48 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। राज्य सरकार द्वारा सभी पात्र लाभार्थियों को 1100 रुपये प्रतिमाह की दर से पेंशन दी जा रही है। हर महीने की 10 तारीख को 'पेंशन दिवस' के रूप में मनाया जाता है, ताकि बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।

औरंगाबाद में 2.68 लाख पेंशनधारियों के खातों में 30.88 करोड़ रुपये ट्रांसफर

औरंगाबाद जिले की बात करें तो जिले में सितंबर माह की पेंशन के रूप में आज कुल 2 लाख 68 हजार 949 पेंशनधारियों के खातों में 30 करोड़ 88 लाख 69 हजार 700 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है। इस राशि से जिले के वृद्धजन, विधवा और दिव्यांग लाभान्वित हुए हैं। डीबीटी के माध्यम से सीधे खाते में राशि भेजने से पारदर्शिता बनी रहती है और बिचौलियों की भूमिका खत्म हो गई है। जिले में योजना-वार भुगतान की स्थिति देखें तो सबसे अधिक लाभ मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के लाभार्थियों को मिला है। इसके तहत 1 लाख 66 हजार 79 लाभार्थियों को 19 करोड़ 47 लाख 7 हजार 200 रुपये भेजे गए हैं। वहीं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 44 हजार 829 लाभार्थियों को 4 करोड़ 93 लाख 13 हजार रुपये मिले हैं।

विधवा और दिव्यांग पेंशनधारियों को भी मिली राशि

'लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना' के तहत 25 हजार 603 लाभार्थियों को 2 करोड़ 86 लाख 79 हजार 800 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 6 हजार 504 लाभार्थियों को 72 लाख 17 हजार 100 रुपये, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 24 हजार 508 लाभार्थियों को 2 करोड़ 73 लाख 84 हजार रुपये और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1 हजार 426 लाभार्थियों को 15 लाख 68 हजार 600 रुपये की राशि भेजी गई है। औरंगाबाद समाहरणालय के एनआईसी कक्ष में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अपर समाहर्ता सैदुल हसन खान, जिला पंचायत राज पदाधिकारी इफ़्तेख़ार अहमद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी आदि की उपस्थिति रही। 

ये भी पढ़ें- रेपो रेट 6% तक पहुंचने का अनुमान, बड़े निजी बैंकों को मुनाफे में बढ़त की उम्मीद