रायबरेली में 11 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। बछरावां थाना क्षेत्र के एक गांव में 11 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। संवेदनहीनता की पराकाष्ठा यह रही कि न्याय के लिए पीड़ित परिवार पिछले चार दिनों से कोतवाली के चक्कर काट रहा था। बुधवार सुबह एक बार फिर पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हुई।
टीवी देखने के बहाने से बुला मासूम के साथ किया दरिंदगी
जानकारी के अनुसार, बछरावां कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 11 वर्षीय किशोरी बीते रविवार की शाम गांव के बाहर शौच के लिए गई थी। वहां से लौटते समय मोहल्ले के ही एक 35 वर्षीय युवक ने उसे टीवी देखने के बहाने अपने घर के अंदर बुला लिया। उस वक्त युवक घर पर अकेला था और उसकी पत्नी किसी काम से बाहर गई थी। सूने घर का फायदा उठाकर आरोपी ने मासूम के साथ दरिंदगी की। आरोपी की पत्नी ने भी दिया साथ, डरा-धमकाकर मामले को दबाने का प्रयास
दुष्कर्म के बाद जब किशोरी लहूलुहान हो गई, तभी आरोपी की पत्नी भी घर पहुंच गई। आरोप है कि पीड़िता की मदद करने के बजाय आरोपी की पत्नी ने भी मामले को दबाने का प्रयास किया। उसने डरी-सहमी किशोरी को धमकी दी कि वह इस बारे में किसी को कुछ न बताए। घर पहुंचकर सहमी हुई पीड़िता ने आपबीती अपनी बड़ी बहन को बताई, जिसके बाद माता-पिता को घटना की जानकारी हुई।
पीड़ित के परिजन चार दिनों तक लगाते रहे थाने के चक्कर
पीड़ित परिजन रविवार को ही बदहवास हालत में किशोरी को लेकर बछरावां थाने पहुंचे थे। आरोप है कि पुलिस ने तत्परता दिखाने के बजाय सिर्फ 'जांच' के नाम पर मामले को चार दिनों तक टाले रखा। पुलिस की इस ढीली और संवेदनहीन कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय लोगों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। आरोपी युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
एसओ बछरांवा श्याम लाल पाल ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: देवबंद में हत्या के प्रयास के दो आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त स्टम्प बरामद