नरसिंहपुर में 11 वर्षीय बालिका की मौत, शरीर पर मिले निशानों से सर्पदंश की आशंका
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश)। जिले के सुआतला थाना अंतर्गत ग्राम कुड़ी में एक 11 वर्षीय बालिका की अज्ञात कारणों से मौत होने का मामला सामने आया है। हालांकि, शरीर पर मिले निशानों के आधार पर प्रथम दृष्टया इसे सर्पदंश से हुई मौत माना जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
हाथ सुन्न पड़ रहा
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुड़ी निवासी अंशिका पिता मनोज ठाकुर उम्र 11 वर्ष ठेमी थाना क्षेत्र के ग्राम चंदपुरा में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह अपने पांच बहनों में सबसे बड़ी थी और वह अपने माता-पिता से मिलने ग्राम कुड़ी आई थी। वही पर परिजनों के साथ घर में सोई थी। देर रात अचानक उसकी नींद खुली और उसने अपने दादा रामकिशोर ठाकुर को बताया कि उसका हाथ सुन्न पड़ रहा है।
इलाज के दौरान मौत
बालिका की बिगड़ती हालत को देख परिजन बिना समय गंवाए उसे तुरंत करेली के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल नरसिंहपुर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान बालिका ने दम तोड़ दिया।
सर्पदंश की पूरी तरह से पुष्टि नहीं
सुबह जब परिजनों ने गौर किया कि बालिका के पैर और कान के पास किसी जीव के काटने के निशान थे। हालांकि, परिजनों ने घर में किसी सांप को नहीं देखा था, जिसके कारण परिजन और पुलिस अभी सर्पदंश की पूरी तरह से पुष्टि नहीं कर पा रहे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े: औरंगाबाद में सर्पदंश से महिला की मौत, झाड़-फूंक में बीती रात के बाद अस्पताल पहुंची