शिवपुरी में विनेका शासकीय उचित मूल्य दुकान में राश

राशन दुकान में बड़ी गड़बड़ी का आरोप, पोर्टल पर 118 क्विंटल स्टॉक, दुकान से मिला 3 क्विंटल अनाज

राशन दुकान में बड़ी गड़बड़ी का आरोप

शिवपुरी: कोलारस क्षेत्र के ग्राम विनेका स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में राशन वितरण में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। जांच के दौरान दुकान बंद मिली, जबकि सरकारी पोर्टल पर दुकान में 118.80 क्विंटल खाद्यान्न का स्टॉक दर्ज था। मौके पर जांच टीम को महज करीब 3 क्विंटल अनाज ही मिला।

पोर्टल पर दर्ज राशन स्टॉक को लेकर उठे सवाल

जानकारी के अनुसार, सरकारी पोर्टल पर दुकान में 95.24 क्विंटल गेहूं और 23.56 क्विंटल चावल उपलब्ध होना दर्ज था। शिकायत के बाद कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी जगदीप सिंह लोधी की शिकायत पर मामले की जांच कराई गई। तहसीलदार की जांच के दौरान उचित मूल्य की दुकान बंद मिली। पंचों के अनुसार दुकान 7 सितंबर को भी बंद थी। जांच में दुकान का राशन वितरण प्रतिशत महज 44.90 प्रतिशत पाया गया।

 3.44 लाख रुपये के खाद्यान्न का हिसाब संदिग्ध

जांच रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि सरकारी पोर्टल पर पर्याप्त खाद्यान्न स्टॉक दर्ज होने के बावजूद हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन वितरित नहीं किया गया। जांच में खाद्यान्न के खुर्द-बुर्द किए जाने की आशंका जताई गई है। विभाग के अनुसार, गड़बड़ी वाले खाद्यान्न की अनुमानित कीमत 3 लाख 44 हजार 575 रुपए है।

राशन गड़बड़ी मामले में तीन लोगों पर FIR

इस मामले में इंदार पुलिस ने महिला बहुउद्देशीय सहकारी संस्था रन्नौद के प्रबंधक वीरेंद्र भादौरिया, विक्रेता सचिन राठौर और सह-विक्रेता भाई मिय्या खां के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान राशन के स्टॉक, वितरण रिकॉर्ड, पोर्टल पर दर्ज जानकारी और हितग्राहियों को किए गए वितरण से संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा सकती है। 

ये भी पढ़ें- 'दिशा' बैठक के बाद राहुल गांधी पर मंत्री का हमला, लगाया 'टीआरपी गेम' का आरोप