11 हजार लाइन का तार टूटने से 2 युवकों की मौत, खेत पर जा रहे थे करंट की चपेट में
सुरीर {उत्तरप्रदेश}: थाना सुरीर क्षेत्र के गांव नगला ओहावा में गुरुवार सुबह 11 हजार की बिजली लाइन का तार टूटकर खेत में गिर गया। इसकी चपेट में आने से खेत पर जा रहे दो युवकों की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। विवेक उम्र 15 वर्ष पुत्र रामकिशन निवासी नगला ओहावा और गुलाब सिंह उम्र 25 वर्ष निवासी बैकुंठपुर दोनों खेतों पर काम करने जा रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए।
खेत पर जाते समय हुआ हादसा
दोनों युवक खेतों पर काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान टूटकर जमीन पर गिरे 11 हजार की बिजली लाइन के तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली लाइन कटवाई गई।
ग्रामीणों ने विभाग पर लगाए आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली की लाइन कई दिनों से जर्जर थी और कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर एसडीएम मांट चन्द्रभूषण प्रताप पहुंचे और उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शासन की ओर से आर्थिक सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
थानाध्यक्ष अरुण कुमार डॉगुर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और बिजली लाइन की स्थिति को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: बहरसाल दियारा में दो महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला