बहराइच में मगरमच्छ का खौफनाक हमला, 12 वर्षीय बालक की मौत
बहराइच,(उत्तर प्रदेश)। के बॉंडी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घाघरा नदी में हाथ-मुंह धोने गए 12 वर्षीय बालक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ बालक को गहरे पानी में खींच ले गया। मगरमच्छ के हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अपने चाचा के साथ खेत में धान की रोपाई करने गया था सुनील
बताया जा रहा है कि सुनील अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ खेत में धान की रोपाई करने गया था। काम खत्म होने के बाद दोनों घाघरा नदी में हाथ-पैर धोने पहुंचे। इसी दौरान अचानक नदी से निकले मगरमच्छ ने सुनील को जबड़ों में दबोच लिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ईंट-पत्थर व डंडों से मगरमच्छ को भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह बालक को लेकर गहरे पानी में चला गया। इसके बाद ग्रामीणों ने कई घंटों तक नदी में तलाश अभियान चलाया।
सुनील के माता-पिता का पहले ही हो चुका है निधन
करीब 7 घंटे बाद देर रात में बालक का शव बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि शव का एक पैर और पेट का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, सुनील के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था और जूनियर हाईस्कूल में कक्षा 6 का छात्र था। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ेंः जो रूट की शानदार 99* पारी से इंग्लैंड ने भारत को हराया, ODI सीरीज 1-1 से बराबर