खेलने निकली 12 वर्षीय किशोरी की करंट लगने से मौत, परिवार में मातम
औरंगाबाद {बिहार}: विद्युत करंट की चपेट में आने से 12 वर्षीय एक किशोरी की मौत हो गई। घटना दाउदनगर थाना क्षेत्र के तरार गांव के हरी नगर वार्ड संख्या 12 की है। मृतका की पहचान गांव निवासी स्व. संजय भुइया की 12 वर्षीय पुत्री सुमित्रा कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घर के पास खेलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सुमित्रा अपने घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह घर के पास स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर के संपर्क में आ गई। करंट की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
परिवार की हालत बेहद खराब
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसका बड़ा भाई दिव्यांग है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। मृतका की मां मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करती हैं। बेटी की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मुआवजे की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मृतका के आश्रित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि गरीब परिवार के लिए इस हादसे के बाद आर्थिक संकट और बढ़ गया है। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि विद्युत ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से एक किशोरी की मौत हुई है। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़े: BJP और INDIA गठबंधन के बीच तीखे गतिरोध के बीच दोनों सदनों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित