बांका में सर्पदंश से 13 वर्षीय विवेक कुमार की मौत, परिवार में पसरा मातम
बांका (बिहार)। जिले के धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत बटसार पंचायत के दुर्गा बाजार गांव में सर्पदंश से 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी शशिकांत पंडित के पुत्र विवेक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं मां प्रीति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
रैक से किताब निकालते समय सांप ने डंसा
मिली जानकारी के अनुसार, विवेक कुमार घर में पढ़ाई के लिए रैक पर रखी किताब निकाल रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक विषैले सांप ने उसे डंस लिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। वे आनन-फानन में किशोर को इलाज के लिए भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल ले जाने लगे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में कोतवाली के समीप उसकी मौत हो गई।
दो भाइयों में सबसे छोटा था विवेक
विवेक अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय मुखिया रजनीश कुमार और सामाजिक कार्यकर्ता इंद्रदेव मंडल सहित अन्य लोग गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर धोरैया थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेजा जाएगा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें: इटावा में पुलिस मुठभेड़ में छिनैती का आरोपी गिरफ्तार, 33 मुकदमे दर्ज