सावन की अंतिम सोमवारी पर क्यूल नदी में स्नान करने

क्यूल नदी में नहाने गई 13 वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत, खनन के गड्ढों पर ग्रामीणों में आक्रोश

13-Year-Old Girl Drowns in Kyul River; Locals Protest Mining Pits

जमुई {बिहार}: सावन की अंतिम सोमवारी पर क्यूल नदी में स्नान करने पहुंचा एक परिवार उस वक्त मातम में डूब गया, जब 13 वर्षीय रिया कुमारी गहरे पानी में डूब गई। घटना टाउन थाना क्षेत्र के स्मारक घाट के पास की है।

नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में गई बच्ची

बताया गया कि सोनपे गांव निवासी सुधीर सिंह की पत्नी गीता देवी अपने बच्चों रिया और 10 वर्षीय सिद्धार्थ के साथ सोमवारी व्रत को लेकर नदी में स्नान करने पहुंची थीं। इसी दौरान रिया अचानक गहरे पानी में चली गई। बेटी को बचाने के लिए मां और भाई भी नदी में उतर गए और गहरे पानी में फंस गए। ग्रामीणों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन रिया को नहीं बचाया जा सका। करीब ढाई से तीन घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों ने रिया का शव बरामद किया।

खनन के गड्ढों को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में बालू खनन के बाद छोड़े गए गहरे गड्ढों पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन के दौरान कई जगह 15 से 30 फीट तक गहरे गड्ढे छोड़ दिए गए, जो बारिश के बाद पानी से भर गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन गड्ढों के कारण नदी में हादसों का खतरा बढ़ गया है और प्रशासन को इस ओर तत्काल ध्यान देना चाहिए।

मौके पर पहुंचे अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सदर अंचलाधिकारी सौरभ कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारी ने मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का भी आश्वासन दिया।

पिता ने जताई चिंता

मृतका के पिता ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि आज उनकी बेटी गई है, कल किसी और परिवार की बारी न हो। उन्होंने प्रशासन से नदी में मौजूद खतरनाक गड्ढों को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें: मुरादाबाद में बारिश का कहर, कच्चे मकान की छत गिरी; 6 बच्चे घायल