नाले में डूबे 14 वर्षीय किशोर का 16 घंटे बाद कीचड़ में मिला शव
औरंगाबाद (बिहार)। हसपुरा थाना क्षेत्र के बघोई टोले मिल कोठी गांव के रहने वाले 14 वर्षीय एक किशोर का शव 16 घंटे बाद नाला से बरामद किया गया है। किशोर की पहचान उस गांव निवासी सुरेंद्र यादव के 14 वर्षीय बेटे सौरभ कुमार के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, सौरभ शुक्रवार की दोपहर नाले में नहाने गया था, इसी दौरान गहरे पानी में जाने से वह डूब गया था।
शव नाले के कीचड़ में गड़ा हुआ मिला
काफी खोजबीन के बाद शनिवार सुबह उसका शव नाले के कीचड़ में गड़ा हुआ मिला। बताया जाता है कि शुक्रवार की दोपहर सौरभ जखौरा नाला में नहाने के लिए गया था। उस समय गांव के कई बच्चे और युवक भी नाले में नहा रहे थे। इसी दौरान सौरभ नहाते हुए गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक डूब गया। कुछ ही देर में वह पानी के अंदर लापता हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तलाशने की कोशिश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। शाम होने तक सौरभ घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई।
सौरभ को जखौरा नाला में नहाते हुए देखा
परिजन सौरभ को आसपास के इलाकों में तलाशने लगे। इसी दौरान कुछ लोगों ने परिवार को बताया कि उन्होंने सौरभ को जखौरा नाला में नहाते हुए देखा था। इसके बाद परिजनों ने हसपुरा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। काफी खोजबीन के बाद नाले के कीचड़ में गड़ा शव बरामद किया गया। सौरभ दो भाइयों में छोटा था। वह पढ़ाई कर रहा था और वर्ष 2027 में बोर्ड परीक्षा देने वाला था।
हादसे से पूरा परिवार गहरे सदमे में
परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी लेने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना के बाद से सौरभ के पिता सुरेंद्र यादव, मां रजानती देवी, भाई अनुज कुमार समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः छत के रास्ते घर में घुसे चोर, लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार