रायबरेली के बछरावां क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी क

रायबरेली में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत, चारपाई पर अचेत अवस्था में मिला शव

14-Year-Old Girl Found Dead Under Suspicious Circumstances in Raebareli

रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। जिले के बछरांवा थाना क्षेत्र के कन्नावा गांव में मंगलवार सुबह 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घर के बाहर चारपाई पर सो रही किशोरी सुबह काफी देर तक नहीं उठी तो परिजनों ने उसे जगाने की कोशिश की। कोई हरकत न होने पर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अचेत अवस्था में मिली किशोरी

जानकारी के अनुसार, कन्नावा गांव निवासी गणेश की पुत्री काजल (14) सोमवार रात भोजन करने के बाद घर के बाहर चारपाई पर सोने चली गई थी। मंगलवार सुबह जब वह देर तक नहीं उठी, तो परिजनों को चिंता हुई। पास जाकर देखा तो वह अचेत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद परिवार के लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मौके पर पहुंची पुलिस 

घटना की सूचना मिलते ही बछरांवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मौत का कारण स्पष्ट नहीं

थानाध्यक्ष श्यामकुमार पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई

इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े:    नरसिंहपुर में 11 वर्षीय बालिका की मौत, शरीर पर मिले निशानों से सर्पदंश की आशंका